Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से शादी की खुशियों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामे और हंगामे की खबर सामने आई है. यहां जयमाला की रस्म और दावत के बाद जब सात फेरों की बारी आई, तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा. हंगामे के बीच बाराती खिसकने लगे, तो गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया. लड़की पक्ष ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर शादी तोड़ने का आरोप लगाया है. वहीं, दूसरी ओर उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक नाबालिग की शादी रुकवा दी.

जानकारी के मुताबिक, मामला नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र के एक गांव का है. युवती की शादी कालाढूंगी क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी. दोनों के बीच करीब एक साल से मोबाइल पर बातचीत भी चल रही थी. गुरुवार को तय कार्यक्रम के तहत युवक बारात लेकर पहुंचा, स्वागत हुआ, जयमाला हुई और बारातियों ने दावत भी उड़ाई. लेकिन सात फेरों के वक्त दूल्हे ने अचानक फेरे लेने से मना कर दिया और भागने लगा. स्थिति बिगड़ती देख बाराती धीरेधीरे खिसकने लगे, जिसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हे को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया.

दहेज में कार की मांग का आरोप, दूल्हे ने लगाए ये बहाने

युवती पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि युवक बातचीत के दौरान कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, जिसे परिवार ने शुरुआत में गंभीरता से नहीं लिया और कार न मिलने पर उसने ऐन वक्त पर शादी तोड़ दी. बताया गया है कि दूल्हे ने युवती पर इधरउधर देखने का आरोप लगाया और जबरन शादी कराने पर गंभीर परिणाम की बात कहकर विवाद खड़ा कर दिया. प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है.

दिनेशपुर के बुकसौरा में नाबालिग की शादी रोकी, दूल्हा व परिजन हिरासत में

उधर, उधमसिंह नगर जिले के गांव बुकसौरा में नाबालिग लड़की के विवाह की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दावत चल रही थी और दूल्हा सेहरा बांधकर मंडप की रस्मों की तैयारी में था. पुलिस को देखते ही समारोह में हड़कंप मच गया. दस्तावेजों की जांच में नाबालिग की उम्र 16 वर्ष पाई गई. थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दूल्हे भूपाल विश्वास और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.