
UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक होटल से हिंदू लड़की के साथ दो मुस्लिम लड़कों को पकड़े जाने का मामला सामने आया है. हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने तीनों को रेड पैलेस होटल से पकड़ा. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि लड़की को कथित तौर पर ‘लव जिहाद’ के नाम पर होटल में लाया गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि होटल में कमरा लेने के दौरान युवकों ने कथित तौर पर ‘अंकित’ नाम की आईडी का इस्तेमाल किया था. मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया. लड़की को मुजफ्फरनगर की रहने वाली बताया जा रहा है.
लड़की के परिवार से पुलिस ने किया संपर्क
नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक हिंदू के मुताबिक, उन्हें अमन विहार कॉलोनी के लोगों से सूचना मिली थी कि राजपुरा स्थित होटल में दो मुस्लिम युवक, एक हिंदू लड़की को लेकर पहुंचे हैं. सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे. इस दौरान आसपास के लोग भी होटल के बाहर एकत्र हो गए. मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने लड़की से पूछताछ की और उसके परिवार से संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है. परिवार को मेरठ बुलाया गया है. पुलिस लड़की और दोनों युवकों के संबंध में उपलब्ध दस्तावेजों और होटल के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मुस्लिम युवकों के नाम फरीद और जीशान बताए गए हैं.
होटल पर सील लगाने की मांग
वहीं कार्तिक हिंदू ने होटल पर सील लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो होटल संचालक की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए. कार्तिक हिंदू ने अमन विहार कॉलोनी के उन लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें मामले की जानकारी दी.
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि दोनों युवक हिरासत में हैं. होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है. तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



