गाड़ी चलाते वक्त अचानक चेक इंजन लाइट जलना, सेल्फ स्टार्ट धीमा होना या एक्सीलेटर का ठीक से काम न करना हमेशा किसी आम तकनीकी दिक्कत का नतीजा नहीं होता. कई बार बोनट के भीतर छिपे चूहे भी ऐसी मुसीबत खड़ी कर देते हैं. चूहे तारों, रबर होज और प्लास्टिक को कुतरकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं. कई मामलों में पूरी इंजन वायरिंग बदलवाने का खर्च 25,000 रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये से भी ज्यादा पहुंच सकता है. चलिए आपको बताते हैं कार में चूहे क्यों जाते हैं और इनसे बचने के आसान तरीके क्या हैं.

कार की वायरिंग को चूहे क्यों कुतरते हैं?

के आगे के दांत जीवन भर बढ़ते रहते हैं, जिन्हें छोटा रखने के लिए वे रबर, प्लास्टिक और फोम जैसी नरम चीजें कुतरते रहते हैं. कार के बोनट में लगी तारों की परत और रबर की होज उन्हें इसके लिए आसान जरिया लगती हैं.

चूहों को कार में घुसने से रोकने के तरीके

कड़वे रैट रिपेलेंट स्प्रे का करें इस्तेमाल

वायरिंग बचाने के लिए एक आसान और किफायती उपाय है. इनमें डेनाटोनियम बेंजोएट जैसे बेहद कड़वे एलिमेंट्स हो सकते हैं, जो सूखने पर तारों और पाइपों पर ऐसी परत छोड़ते हैं जिसका स्वाद चूहों को खराब लगता है.

लगाने से पहले बोनट वाले हिस्से को ड्राईवॉश या फोम क्लीनर से साफ करें. इंजन ठंडा होने पर खुले तारों, फायरवॉल पैड और व्हील आर्च के पास स्प्रे कर सूखने दें. हर दोतीन महीने में इसे दोबारा लगाएं और बारिश में धुल जाए तो फिर इस्तेमाल करें.

अल्ट्रासोनिक रैट रिपेलेंट और स्ट्रोब लाइट

यह एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसे कार की 12V बैटरी या रिचार्जेबल सेल से जोड़ा जा सकता है. यह 20 से 65 किलोहर्ट्ज की तेज आवाज निकालता है, जो इंसानों को नहीं सुनाई देती लेकिन चूहों को परेशान करती है.

कुछ डिवाइस में चमकती LED स्ट्रोब लाइट भी होती है, जिससे अंधेरे बोनट में चूहे खुद को सुरक्षित नहीं मानते. खरीदते समय लोवोल्टेज प्रोटेक्शन जरूर देखें ताकि बैटरी 11.8V से नीचे जाने पर डिवाइस खुद बंद हो जाए. हालांकि, चूहे वक्त के साथ इन आवाजों के आदी भी हो सकते हैं.

स्टेनलेस स्टील मेश से रास्ते बंद करें

चूहों को रोकने के लिए लोहे की जाली भी कारगर रहती है. वे AC के फ्रेश एयर इनटेक और इंजन एयर इनटेक से घुसकर केबिन फिल्टर, एयर डक्ट और डैशबोर्ड के पीछे के तारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

इन जगहों पर बारीक स्टेनलेस स्टील मेश लगाई जा सकती है, जिसे चूहे आसानी से कुतर नहीं पाते. कई लोकप्रिय कारों के लिए कस्टम मेश किट भी मिलती हैं, जिन्हें AC इनटेक और निचले हिस्से में लगवाया जा सकता है.

कार की सफाई और पार्किंग का रखें ध्यान

गाड़ी के अंदर खाने के टुकड़े, रैपर न छोड़ें और मैट व केबिन को साफ रखें. कचरे के ढेर, सब्जी मंडी या खुले नाले के पास गाड़ी पार्क करने से बचें और हो सके तो खुली व रोशनी वाली जगह चुनें.