Bijnor News: बिजनौर जिला जेल में बंद एक कैदी से मिलाई करने आई उसकी मां और बहन को पुलिस ने जेल के मुख्य द्वार पर गिरफ्तार कर लिया. दोनों महिलाएं कैदी के लिए कपड़ों में छिपाकर चरस की दो पुड़िया ले जा रही थीं. जेल सुरक्षाकर्मियों द्वारा तलाशी के दौरान दोनों की पोल खुल गई और उनके पास से नशीला पदार्थ बरामद कर लिया गया.

तलाशी के दौरान पकड़ी गई चरस
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करीब साढे 12 बजे बिजनौर जिला जेल में बंद फैजान नाम के कैदी से मुलाकात करने के लिए उसकी मां शन्नो और बहन परवीन जेल पहुंची थीं. जेल के नियमों के मुताबिक, जब गेट नबंर दो पर महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा दोनों की सघन तलाशी ली गई तो उनके कपड़ों से चरस की दो पुड़िया बरामद हुईं. जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी.
आरोपी बहन का अजीबोगरीब बहाना
पुलिस पूछताछ में कैदी की बहन परवीन ने चरस ले जाने के पीछे एक बेहद अजीबोगरीब वजह बताई. परवीन ने दावा किया कि उसका भाई फैजान हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी है. उसे बीते 6 जून को अमरोहा से बिजनौर जेल में शिफ्ट किया गया था. परवीन के मुताबिक, जेल में अत्यधिक मच्छरों के कारण फैजान रात भर सो नहीं पा रहा था और परेशान था. वह सुल्फा पीने का शौकीन था. इसलिए भाई को मच्छरों से राहत दिलाने और सुलाने के मकसद से ही वे दोनों चरस की पुड़िया लेकर जेल में मिलाई करने आई थीं.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जेल के भीतर मादक पदार्थ की तस्करी की इस कोशिश को जेल प्रशासन ने नाकाम कर दिया. पुलिस ने बरामद चरस को जब्त कर लिया और आरोपी मांबहन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया. पुलिस दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. जेल प्रशासन ने इस घटना के बाद मुलाकात करने आने वाले लोगों की तलाशी व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया है.



