बिलासपुर। कहते हैं कि जिंदगी में कभी भी खुशियों की नई शुरुआत हो सकती है। इसके लिए न उम्र की कोई सीमा होती है और न ही वक्त की। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से एक ऐसी ही खूबसूरत कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। यहां दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रहने वाली 63 साल की सबीना और 75 साल के कन्हैया लाल ने शादी कर एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी बना लिया।

शादी कर थामा एक-दूसरे का हाथ
बता दें कि दयोली स्थित वृद्धाश्रम में बुधवार को सुबह से ही शादी की तैयारियां चल रही थीं। इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को दोनों की हल्दी और मेहंदी की रस्में हुई थीं। वहीं, बुधवार को शहनाई की धुन के बीच वरमाला और सात फेरों की रस्म पूरी की गई। इस दौरान वृद्धाश्रम में रहने वाले दूसरे बुजुर्गों ने भी शादी में शामिल होकर खूब खुशियां मनाईं।
इस खास मौके पर बिलासपुर की उपायुक्त किरण भड़ाना भी समारोह में पहुंचीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को शादी की बधाई दी और शगुन भी भेंट किया। इसके अलावा जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल सहित कई लोग इस खुशी के मौके पर मौजूद रहे।
पत्नी की मौत के बाद भाइयों ने भी छोड़ा साथ
75 वर्षीय कन्हैया लाल मूल रूप से मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव के रहने वाले हैं। वह पहले गांव में खेतीबाड़ी करके अपना गुजारा करते थे। उनकी पत्नी की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनकी कोई संतान भी नहीं थी।
बताया जाता है कि कन्हैया लाल ने अपनी जमीन अपने भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन इसके बाद भी भाइयों ने उन्हें घर से निकाल दिया। परिवार का साथ छूटने के बाद उनके सामने रहने तक की परेशानी खड़ी हो गई। हालात ऐसे हो गए कि उन्हें जंगल में एक गुफा में रहना पड़ा। साल 2022 में उन्हें बिलासपुर लाया गया, जिसके बाद से वह दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे थे।
घूमने निकली थीं सबीना, रास्ता भटककर पहुंच गईं शिमला
वहीं, 63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। वह घूमने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन सफर के दौरान रास्ता भटक गईं और शिमला पहुंच गईं। उस समय उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू किया और मशोबरा स्थित नारी निकेतन पहुंचाया।
सबीना करीब चार साल तक नारी निकेतन में रहीं। इसके बाद साल 2025 में उन्हें बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया गया। यहां उन्हें रहने के लिए सुरक्षित जगह तो मिल गई, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि इसी जगह उन्हें जिंदगीभर साथ निभाने वाला हमसफर भी मिल जाएगा।
धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां, एक-दूसरे का बनने लगे सहारा
दयोली वृद्धाश्रम में साथ रहते हुए सबीना और कन्हैया लाल के बीच धीरे-धीरे अच्छी दोस्ती हो गई। दोनों एक-दूसरे के काम में मदद करते थे और जरूरत पड़ने पर साथ खड़े रहते थे। रोजमर्रा के कामों से लेकर एक-दूसरे की सेहत का ध्यान रखने तक, दोनों ने एक-दूसरे का सहारा बनना शुरू कर दिया।
दोनों ने जिंदगी में अपनों से दूर होने और अकेलेपन का दर्द झेला था। ऐसे में एक-दूसरे का साथ उन्हें अच्छा लगने लगा। जब वृद्धाश्रम के कर्मचारियों ने दोनों के बीच बढ़ते लगाव को देखा तो उनसे इस बारे में बात की। बातचीत के दौरान दोनों ने साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद आश्रम प्रबंधन ने भी उनके फैसले का सम्मान किया और शादी की तैयारियां शुरू कर दीं।
अब नालागढ़ के वृद्धाश्रम में साथ रहेंगे दोनों
शादी के बाद सबीना और कन्हैया लाल को नालागढ़ स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया जाएगा। यहां दोनों एक साथ रहकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने बताया कि दोनों अपनी मर्जी से शादी करना चाहते थे। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए आश्रम प्रबंधन ने विवाह करवाया। इस शादी से वृद्धाश्रम में रहने वाले दूसरे बुजुर्ग भी काफी खुश हैं।
सबीना और कन्हैया लाल की यह कहानी बताती है कि जिंदगी में चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएं, अगर कोई अपना साथ देने वाला मिल जाए तो फिर से खुशियों भरी जिंदगी शुरू की जा सकती है। प्यार और साथ पाने की कोई उम्र नहीं होती।


