हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती की शिकायतों के बीच ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक बार फिर आंकड़े जारी किए हैं. एके शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के मामले में नया इतिहास रच दिया है. ऊर्जा मंत्री के अनुसार, रविवार सुबह 2:33 बजे प्रदेश की पीक बिजली आपूर्ति 31,000 मेगावाट के पार पहुंच गई. वहीं रात 10:01 बजे प्रदेश ने अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 31,774 मेगावाट की पीक विद्युत आपूर्ति दर्ज की.

एके शर्मा ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक बिजली आपूर्ति है. उन्होंने कहा, ये आंकड़ा देश में भी सबसे अधिक बिजली आपूर्ति में शामिल है और यूपी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है.
प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण व्यवस्था में सुधार को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण बताया. कटौती पर जन आक्रोश के बीच भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बावजूद प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर बिजली आपूर्ति बनाए रखने को सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है. सरकार का दावा है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तय रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, हालांकि सबसे ज्यादा शिकायतें भी ग्रामीण क्षेत्र और शहर के बाहरी इलाकों से ही आ रही हैं.



