बिहार के वैशाली जिले में अपराधी को गिरफ्तार करने गई स्पेशल टास्क फोर्स टीम पर हमला कर दिया गया. घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के भैरौपुर चौक की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के सहयोगियों ने सिविल ड्रेस में मौजूद STF जवानों के साथ मारपीट की और उनकी सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया. हमले में चार जवान घायल हुए हैं. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को STF बिहार को सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश कुनाल कुमार वैशाली जिले में मौजूद है. कुनाल का नाम जिले के टॉप10 अपराधियों में शामिल है.

STF और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इलाके में रैकी और सूचना जुटा रही थी. इसी दौरान भैरौपुर चौक पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. STF जवान सिविल ड्रेस में थे. पुलिस के अनुसार, विवाद में शामिल एक पक्ष के लोगों ने जवानों को दूसरे पक्ष की ओर से बुलाए गए लोग समझ लिया और उन पर हमला कर दिया.

पिस्टल छीनने की कोशिश, खींचतान में चली गोली

हमले के दौरान आरोपियों ने STF जवानों के साथ मारपीट की और उनकी सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, पिस्टल छीनने की कोशिश के दौरान हुई खींचतान में एक राउंड फायरिंग भी हुई. हालांकि, STF जवानों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया.

घटना में STF के चार जवान घायल हुए हैं. इनकी पहचान नरेंद्र कुमार, अमर कुमार, मुकेश कुमार और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवानों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिदुपुर में भर्ती कराया गया.

तीन हमलावर गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही सदर SDPO सुबोध कुमार, STF DSP दीपक कुमार समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

वैशाली SSP शुभांक मिश्रा ने बताया कि STF की टीम इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई थी, इसी दौरान उसके सहयोगियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है.

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और वीडियो फुटेज की मदद से हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. अधिकारियों ने कहा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

STF जिस कुनाल कुमार उर्फ दीवानी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, उसकी तलाश भी जारी है. पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.