हिमाचली खबर: भीषण गर्मी और रिकॉर्ड तोड़ते तापमान के बीच सोशल मीडिया पर गर्मी से बचाव के लिए एक के बाद एक नुस्खे वायरल हो रहे हैं। इन दिनों एक अजीबोगरीब दावा तेजी से वायरल हो रहा है। व्हाट्सएप और फेसबुक पर शेयर किए जा रहे मैसेज में कहा जा रहा है कि गर्मी और लू के प्रकोप से बचने के लिए ‘चीनी का दूध’ पीना बेहद फायदेमंद है। खास बात तो ये हैं कि आयुष मंत्रालय ने भी गर्मी से बचाव के लिए एक एडवाइजरी जारी की है जिसमें लू से बचाव के उपाय में चीनी का दूध पीने की सलाह भी शामिल है। हम सभी जानते हैं कि चीनी का दूध पीना सभी के लिए पॉसिबल नहीं है, खासतौर पर जिन लोगों को डायबिटीज,इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम और दूध से एलर्जी है उनके लिए ये जोखिम भरा हो सकता है। गर्मी में हैवी शुगरी ड्रिंक्स डिहाइड्रेशन को और बढ़ा सकते हैं। आयुष मंत्रालय की आधिकारिक एडवाइजरी में शामिल चीनी का दूध पीने की सलाह कितनी ठीक है इसकी जानकारी हम डॉक्टर से लेते हैं।

Fact Check: क्या चीनी का दूध पीने से बच सकते हैं लू? जानिए आयुष मंत्रालय की असली गाइडलाइन और डॉक्टरों का सच​
Fact Check: क्या चीनी का दूध पीने से बच सकते हैं लू? जानिए आयुष मंत्रालय की असली गाइडलाइन और डॉक्टरों का सच​

आयुष मंत्रालय की हेल्थ एडवाइजरी में शामिल फूड

देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच आयुष मंत्रालय ने लोगों के लिए एक नई हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने अपनी सलाह में हीट से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए पारंपरिक उपायों, पर्याप्त हाइड्रेशन और जरूरी सावधानियों पर जोर दिया है। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो पर उपलब्ध इस आधिकारिक एडवाइजरी में कहा गया है कि लोगों को गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीना चाहिए, दोपहर के समय सीधे धूप में जाने से बचना चाहिए, हल्के सूती कपड़े पहनने चाहिए और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर मौसमी फल व तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। इतना ही नहीं हेल्थ एडवाइजरी में दूध में चीनी मिलाकर पीने की भी सलाह दी गई है,इस सलाह ने लोगों का ध्यान खास तौर पर खींचा है। मंत्रालय ने कहा कि गर्मी में शरीर को हाइड्रेट और एनर्जेटिक रखने का एक आसान तरीका है दूध में थोड़ी चीनी मिलाकर पीना।

क्या चीनी वाला दूध गर्मी से बचाव करता है?

मुंबई के अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल की डाइटिशियन फौजिया अंसारी के अनुसार, चीनी वाला दूध गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने और एनर्जी देने में मदद कर सकता है। दूध में पानी, प्रोटीन, कैल्शियम, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को गर्मी से लड़ने में मदद करते हैं। वहीं थोड़ी चीनी शरीर को तुरंत ऊर्जा देती है, खासकर उन लोगों को जो कमजोरी, थकान या ज्यादा पसीना आने की समस्या से जूझ रहे हों। एक्सपर्ट ने बताया चीनी का दूध शरीर को ठंडक देने और थकान को दूर करने में मदद करता है।

क्या हर किसी को चीनी वाला दूध पीना चाहिए?

ठाणे के KIMS हॉस्पिटल की चीफ डाइटीशियन अमरीन शेख ने कहा कि दूध में थोड़ी चीनी मिलाकर पीना एक कंफर्ट ड्रिंक हो सकता है, लेकिन इसे हाइड्रेशन का पूरा समाधान नहीं माना जा सकता। एक्सपर्ट ने बताया डायबिटीज के मरीजों या ज्यादा चीनी से बचने वाले लोगों को इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। ज्यादा दूध पीने से पेट फूलना, गैस, एसिडिटी, दस्त और पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। अमरीन के मुताबिक, चीनी शरीर को तुरंत एनर्जी तो देती है, लेकिन कई लोगों में इसके बाद अचानक एनर्जी लेवल गिर भी सकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बॉडी को एनर्जेटिक रखने के लिए प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट रिच फूड्स का सेवन करना चाहिए।

एक्सपर्ट ने बताया चीनी वाला दूध नुकसानदायक नहीं है, लेकिन इसे रोजाना हाइड्रेशन का मुख्य तरीका नहीं बनाना चाहिए। यह कभीकभार लिया जाने वाला विकल्प हो सकता है। हर व्यक्ति की जरूरतें, स्वास्थ्य स्थिति और लाइफस्टाइल अलग होता है, इसलिए किसी भी नई हेल्थ रूटीन को अपनाने से पहले डॉक्टर या डाइट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

गर्मी में क्या पीना ज्यादा फायदेमंद है?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गर्मी में ओआरएस , नींबू पानी, छाछ, लस्सी और हल्का नमक मिला फ्रूट जूस पीना बेहतर होता है। इसके अलावा तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास और खीरा जैसे पानी से भरपूर मौसमी फलों और सब्जियों को डाइट में शामिल करना चाहिए ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक जानकारी और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। किसी भी नई डाइट या हेल्थ रूटीन को शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।