फतेहपुर: संदिग्ध हालात में महिला की जलकर मौत, परिजनों ने लगाया जलाकर हत्या का आरोप

फतेहपुर: जनपद के ललौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियापुर गांव में एक 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई.

घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के पति और पुत्र ने महिला की बहनों पर ही जलाकर मार डालने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे मामला और भी सनसनीखेज हो गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार औंग थाना क्षेत्र के खदरा गांव निवासी सुशील कुमार की पत्नी संतोष कुमारी पिछले करीब बीस वर्षों से अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए मायके हरियापुर में रह रही थीं. पति गैर प्रांत में नौकरी करता है. शनिवार की रात अचानक संतोष कुमारी के आग की लपटों में घिर जाने की खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल की जांच-पड़ताल के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पुत्र अभिनव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मौसी, उनके पुत्र और पति ने मिलकर उसकी मां के साथ मारपीट की और फिर आग के हवाले कर दिया। पुत्र का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है.

इन आरोपों के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है.

पुलिस ने कहा – रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्टता

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि हत्या के आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या यह महज हादसा था या फिर पारिवारिक रंजिश का खौफनाक अंत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी, लेकिन फिलहाल हरियापुर गांव में मातम और सनसनी का माहौल है.

Leave a Reply