Featured Image

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग के सरकारी आवास में 24 अक्टूबर को गर्भवती महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कम दहेज मिलने और पारिवारिक विवाद के चलते सीएचसी में तैनात नर्स ने अपनी भाभी की हत्या 3 लाख की सुपारी देकर कराई थी। इस घटना में मृतका की ननद, पति और देवर पर भी घटना में शामिल होने का आरोप है।‌ मंगलवार सुबह पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर सुपारी किलर को भी गिरफ्तार कर लिया। देवरिया में सुपारी किलर से दहेज हत्या का यह पहला मामला है।

रुद्रपुर सीएचसी में स्टाफ नर्स है आरोपी ननद पूर्णिमा

गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के चांदबारी गांव निवासी पूर्णिमा देवरिया जिले के रुद्रपुर में स्टाफ नर्स है। सीएचसी कैम्पस के सरकारी आवास में ही वह रहती है। पूर्णिमा अभी अविवाहित है। पूर्णिमा की भाभी गुड़िया देवी पत्नी चमन लाल पांच महीने की गर्भवती थी। चिकित्सकीय सुविधा के चलते गुड़िया कुछ दिनों से अपने ननद के साथ ही उसके सरकारी आवास में रह रही थी। गुड़िया की एक तीन साल की बेटी भी है। गुड़िया का मायका देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल गांव में है।

दहेज को लेकर ससुराल में होती थी गुड़िया की पिटाई

गुड़िया की मां लीलावती के मुताबिक गुड़िया के ससुराल में उसकी ननद पूर्णिमा देवी का दबदबा था, क्योंकि पूरे परिवार का खर्च पूर्णिमा की कमाई से ही चलता था। ‌ससुराल वाले दहेज को लेकर गुड़िया के साथ अक्सर मारपीट किया करते थे। यह बात गुड़िया ने कई बार उन्हें बताई थी। इसके बाद ससुरालियों को समझने की कोशिश भी की गई, मगर उन लोगों का व्यवहार नहीं बदला।

तीन लाख रुपए में तय हुआ था हत्या का सौदा

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के मुताबिक गुड़िया जब अपने ननद के वहां रहने आई तो उसकी ननद, पति व सास ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। पूर्णिमा ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई। उसने अपने एक परिचित सत्य प्रकाश यादव के जरिए शातिर अपराधी राम आशीष यादव व नरेश को 3 लाख रुपए में गुड़िया की हत्या करने की सुपारी दी। ढाई लाख रुपया एडवांस दे दिया और 50 हजार रुपए हत्या करने के बाद देने की बात तय हुई। 24 अक्टूबर की रात को पूर्णिमा के सरकारी आवास में दोनों सुपारी किलरों ने रस्सी से गला घोंटा कर गुड़िया की हत्या कर दी।

हाफ एनकाउंटर में सुपारी किलर गिरफ्तार

मामले को लूट का रूप देने के लिए पूर्णिमा ने कमरे का सभी सामान बिखेर दिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने मृतका की मां लीलावती देवी की तहरीर पर गुड़िया के पति, देवर, सास व ननद पूर्णिमा के खिलाफ दहेज हत्या व घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने जब पूर्णिमा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी राम आशीष को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने बताया कि किस घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।