Bihar Liquor Ban News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू है. गांव से लेकर शहर तक शराब की खरीदबिक्री, परिवहन और सेवन पर कानूनी पाबंदी है. इसके बावजूद कई इलाकों में चोरीछिपे शराब का कारोबार चलने की शिकायतें सामने आती रहती हैं. कहीं तस्कर गुपचुप तरीके से शराब की खेप पहुंचा रहे हैं तो कहीं अवैध रूप से शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है. ऐसे में अब बिहार सरकार ने इस अवैध कारोबार के खिलाफ एक नया रास्ता अपनाया है.

सरकार को अब उम्मीद है कि शराबबंदी को प्रभावी बनाने में आम जनता भी बड़ी भूमिका निभाएगी. यानी अब शराब माफियाओं की गतिविधियों की जानकारी पुलिस और उत्पाद विभाग तक पहुंचाने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे. मोबाइल उठाइए, वॉट्सऐप खोलिए और सीधे विभाग को जानकारी भेज दीजिए. यह व्यवस्था शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

वॉट्सऐप पर कैसे करें शराब की शिकायत?

मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त लाल अजय कुमार सुमन ने बताया कि विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए वॉट्सऐप हेल्पडेस्क शुरू किया है. इसके जरिए लोग शराब से जुड़ी अवैध गतिविधियों की सूचना सीधे विभाग तक पहुंचा सकते हैं. शिकायत करने के लिए 3 तरीके उपलब्ध कराए गए हैं.

पहला बिहार मद्यनिषेध वॉट्सऐप हेल्पडेस्क नंबर 9473400600… इस पर सीधे वॉट्सऐप पर शिकायत भेजें.

दूसरा विभाग की ओर से जारी QR कोड को मोबाइल से स्कैन करके भी जुड़ सकते हैं. इन माध्यमों से नागरिक निम्नलिखित गतिविधियों की सूचना दे सकते हैं…

  • अवैध रूप से शराब की बिक्री.
  • शराब की तस्करी और परिवहन.
  • शराब का अवैध निर्माण.
  • शराब का भंडारण और छिपाकर रखना.
  • शराब का सेवन और इससे जुड़ी गतिविधियां.

तीसरा लोग अपनी शिकायत में घटना का स्थान, संबंधित गतिविधि और उपलब्ध जानकारी स्पष्ट रूप से भेज सकते हैं. इससे विभाग को सूचना समझने और कार्रवाई के लिए आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है.

पूर्ण शराबबंदी को लागू हुए 10 साल से ज्यादा

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का फैसला वर्ष 2016 में लिया गया था. एक अप्रैल 2016 से देसी शराब पर प्रतिबंध लगाया गया और पांच अप्रैल 2016 को राज्य में पूर्ण शराबबंदी घोषित की गई. इसके बाद बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 लागू किया गया. शराबबंदी लागू होने के बावजूद समयसमय पर राज्य के अलगअलग जिलों में अवैध शराब की खेप पकड़े जाने, शराब निर्माण की भट्ठियां मिलने और तस्करों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आती रही हैं.

यह स्थिति बताती है कि कानून लागू करने के साथसाथ उसकी निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन भी बड़ी चुनौती है. इसी चुनौती से निपटने के लिए अब विभाग डिजिटल माध्यम से आम लोगों को अपने साथ जोड़ रहा है.

शराब बेचने पर कितनी सख्त है कानून की कार्रवाई?

बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत बिना वैध अनुमति शराब का निर्माण, खरीदबिक्री, परिवहन, वितरण और भंडारण दंडनीय अपराध है. कानून की धारा 30 के तहत अवैध शराब कारोबार के मामलों में कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है. अपराध की प्रकृति और दोहराव के आधार पर सजा बढ़ सकती है. जहरीली या नकली शराब के कारोबार पर भी धारा 36 के तहत कड़ी सजा का प्रावधान है.

पूर्णिया समेत पूरे बिहार के लोगों के लिए भी सुविधा

इस वॉट्सऐप हेल्पडेस्क का लाभ पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल समेत बिहार के सभी जिलों के नागरिक उठा सकते हैं. पूर्णिया जिले के लिए आप सीधे सहायक आयुक्त मद्यनिषेध के मोबाइल नंबर 9473400640 पर सूचना दे सकते हैं. इसके अलावा बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग के कॉल सेंटर नंबर 15545 और 18003456268 पर भी सूचना दे सकते हैं.