बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना जारी है, जिसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वोटों की गिनती के लिए पटना, मुजफ्फरपुर सहित कई शहरों में केंद्र बनाए गए हैं. इस बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने बढ़त बना ली है. शुरुआती रुझानों के मुताबिक, नीरज कुमार जनसुराज पार्टी के अनुज सिंह से करीब 1200 वोटों से आगे चल रहे हैं.

पटना सीट पर मुकाबला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी के मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने मोर्चा खोल दिया था. वह जनसुराज के समर्थन में हैं. हालांकि, इसको लेकर JDU ने अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया. जबकि अनंत सिंह जीत का दावा करते हुए अपने आवास पर मिठाइयां भी तैयार करवा रहे हैं.

पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा

पटना में बांकीपुर सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर वोटों की गिनती चल रही है. इस बीच काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा भी देखने के मिला. आरोप लगाया गया कि काउंटिंग सेंटर से फाइलों के बंडल को बाहर लाया गया है. सेंटर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने फाइल बाहर लाने वालों को पकड़ लिया. साथ ही काउंटिंग सेंटर पर CCTV कैमरे नहीं होने के आरोप लगे हैं.

जन सुराज पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इसका विरोध जताया. उन्होंने जैसे ही दो सरकारी कर्मचारियों के हाथों में कागजों से भरा बैग देखा वैसे ही उन्होंने बैग में रखे दस्तावेज दिखाने की मांग की. सरकारी कर्मचारियों के बैग न दिखाने को लेकर मतगणना केंद्र के बाहर तनाव बढ़ गया. हालांकि बाद में कर्मचारियों को बैग खोलकर दिखाना पड़ा.

इन आठ सीटों पर आज फैसले का दिन

बिहार विधान परिषद की 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट, जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए वोटिंग हो रही है. इन आठों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें 150 उम्मीदवार मैदान में थे. इसमें 44 सीटों पर बीजेपी और जेडीयू ने उम्मीदवार उतारे हैं. जबकि जन सुराज पार्टी सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.