अगर आप भी एडवेंचर बाइक चलाने का शौक रखते हैं और लंबी दूरी की राइडिंग के लिए दमदार मोटरसाइकिल खोज रहे हैं, तो बाइक बनाने वाली दिग्गज कंपनी Royal Enfield ने आपके लिए नया और शानदार ऑप्शन पेश कर दिया है. रॉयल एनफील्ड ने अपनी नई Himalayan 750 को भारतीय मार्केट में उतार दिया है. इस बाइक में पहल से ज्यादा दमदार इंजन के साथ कई नए फीचर्स दिए गए हैं. इसकी कीमत भी सामने आ गई है. आइए जानते हैं नई Himalayan 750 में क्या कुछ खास मिलने वाला है और इसकी कीमत क्या है.

Royal Enfield ने अपनी नई एडवेंचर बाइक Himalayan 750 को Motoverse 2026 के दौरान लॉन्च किया है. यह अब तक की सबसे बड़ी इंजन क्षमता वाली Himalayan बाइक है. सबसे खास बात यह है कि यह किसी भारतीय बाइक बनाने वाली कंपनी की सबसे ज्यादा इंजन क्षमता वाली बाइक भी है. नई Himalayan 750 में 743cc का पैरेलल ट्विन इंजन दिया गया है. इसके साथ ही बाइक में लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए कई नए फीचर्स और टेक्नोलॉजी शामिल की गई हैं.

Royal Enfield Himalayan 750 की कीमत

रॉयल एनफील्ड की नई Himalayan 750 की शुरुआती एक्स शोरूम प्राइज 4,89,490 रुपये रखी गई है. इसके कास्ट व्हील वेरिएंट Aztec Green और Tectonic Black कलर मिलेंगे. इसके साथ ही स्पोक व्हील वेरिएंट Viking Bronze और Siberia White कलर भी आया है, जिनकी कीमत 5,14,495 रुपये है.

इसका टॉप मॉडल Flagship Antarctic Silver कलर में लॉन्च हुआ है. टॉप मॉडल में GIVI के साथ मिलकर तैयार किया गया खास लगेज पैकेज भी मिलता है. इस वेरिएंट की कीमत 6,29,000 रुपये तय की गई है. मार्केट में इस बाइक का मुकाबला BMW F 450 GS, Honda NX500, Kawasaki Versys 650 और Honda XL750 Transalp जैसी एडवेंचर बाइक्स से होगा.

743cc का इंजन और पावर

Himalayan 750 में नया 743cc का एयर और ऑयल कूल्ड पैरेलल ट्विन इंजन कंपनी ने दिया है. रॉयल एनफील्ड का यह इंजन 7,000rpm पर 55bhp की पावर और 5,000rpm पर 63Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी के अनुसार इस इंजन का 90 फीसदी टॉर्क 3,500rpm से ही मिलने लगता है. इससे कम और मीडियम स्पीड पर बाइक चलाने में मदद मिलेगी. खासकर लंबी यात्रा और ऑफ रोडिंग के दौरान इसका फायदा मिल सकता है.

इंजन को 6 स्पीड गियरबॉक्स और वेट मल्टी प्लेट क्लच के साथ जोड़ा गया है.

सस्पेंशन, वजन और ब्रेकिंग

रॉयल एनफील्ड की इस बाइक में आगे 43mm Showa USD फोर्क्स और पीछे Showa मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है. बाइक में आगे 190mm और पीछे 175mm का व्हील ट्रैवल मिलता है. इसमें 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर व्हील कंपनी ने दिया है. कस्टमर कास्ट अलॉय और स्पोक व्हील का ऑप्शन सेलेक्ट कर सकेंगे.

Himalayan 750 का ग्राउंड क्लीयरेंस 205mm और सीट हाइट 815mm है. इसका व्हीलबेस 1,522mm है. बाइक का कर्ब वजन 224 किलोग्राम है और इसमें 17.8 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है.

फीचर्स और टेक्नोलॉजी भी खास

नई में पांच राइडिंग मोड़ मिलते हैं. इनमें Road, Road Sport, Rain, Trail और Custom शामिल हैं. जरूरत के हिसाब से ये मोड इंजन मैपिंग, ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल की सेटिंग बदलते हैं.

बाइक में 6 एक्सिस IMU, क्रूज कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम यानी TPMS भी दिया गया है. इसमें 4 इंच का TFT डिस्प्ले कंपनी ने दिया है, जो ब्लूटूथ और वाई फाई कनेक्टिविटी, नेविगेशन, फोन और म्यूजिक कंट्रोल को सपोर्ट करता है. इसके साथ ही दो TypeC USB पोर्ट दिए गए हैं, जिनमें एक 27W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है.

लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए इसमें 5 पोजिशन वाली एडजस्टेबल विंडस्क्रीन भी मिलती है. टॉप वेरिएंट में GIVI टॉप बॉक्स, हार्ड पैनियर, हीटेड ग्रिप्स, हैंड गार्ड और एल्युमिनियम स्किड प्लेट भी मिलती है.