भारत में इलेक्ट्रिक कारों की मांग लगातार बढ़ रही है. जून 2026 में देश में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के ताजा रिटेल रजिस्ट्रेशन आंकड़ों के मुताबिक, जून 2026 में 31,823 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं. यह पिछले साल जून 2025 में बिकी 15,318 यूनिट्स के मुकाबले 107.75% की शानदार बढ़ोतरी है.

अगर मई 2026 से तुलना करें, तो जून में EV बिक्री में 19.27% की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई. मई में देशभर में 26,682 इलेक्ट्रिक कारें बिकी थीं.

टाटा मोटर्स नंबर1 पर कायम

जून 2026 में Tata Motors भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनी बनी रही. कंपनी ने 12,187 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की और 38.30% बाजार हिस्सेदारी अपने नाम की. पिछले साल जून के मुकाबले Tata की बिक्री में 126.73% की बढ़ोतरी हुई. वहीं, मई 2026 की तुलना में भी कंपनी की बिक्री लगभग 18% बढ़ी.

महिंद्रा दूसरे नंबर पर

Mahindra ने जून में 7,766 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की. कंपनी की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 121.06% और मई 2026 की तुलना में 25.06% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. Mahindra का बाजार हिस्सा 24.40% रहा. कंपनी की Born Electric सीरीज की अच्छी मांग इसका प्रमुख कारण रही.

MG तीसरे और Maruti चौथे स्थान पर

JSW MG Motor ने जून में 5,861 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं. कंपनी की बिक्री में सालाना 24.94% और मासिक 17.60% की बढ़ोतरी हुई. MG की बाजार हिस्सेदारी 18.42% रही. वहीं Maruti Suzuki ने 1,919 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया. कंपनी की eVitara लॉन्च होने के बाद यह उसका EV सेगमेंट में पहला पूरा साल माना जा रहा है.

VinFast की तेजी से बढ़ रही पकड़

वियतनाम की कंपनी VinFast ने जून में 1,404 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की. कंपनी लगातार भारत में अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार कर रही है. BYD ने 873 यूनिट, BMW ने 497 यूनिट, Kia ने 449 यूनिट, Hyundai ने 352 यूनिट और MercedesBenz ने 234 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दर्ज की.

Tesla और Toyota ने भी दर्ज कराई मौजूदगी

Volvo ने जून में 37 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं. इसी दौरान Tesla ने भारत में अपनी Model Y SUV की 37 यूनिट रिटेल कीं. वहीं Toyota ने अपनी नई Urban Cruiser Ebella लॉन्च करने के बाद पहली बार इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के आंकड़ों में जगह बनाई. कंपनी ने जून में 32 यूनिट बेचीं. इसके अलावा Citroen ने 24 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं, जबकि अन्य कंपनियों की कुल बिक्री 151 यूनिट रही.