अगर आपने किसी बैंक या NBFC से लोन लिया है और किसी वजह से आपकी EMI समय पर नहीं भर पाई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर ऐसे संदेश वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि अगर कोई व्यक्ति लोन की EMI नहीं चुकाता है, तो बैंक उसका मोबाइल नंबर बंद करवा सकता है.

जानना जरूरी है कि भारतीय रिजर्व बैंक का ऐसा कोई नियम नहीं है, जो बैंक या किसी लाइसेंस प्राप्त लोन देने वाली संस्था को यह अधिकार देता हो कि वह EMI न भरने पर ग्राहक का मोबाइल नंबर बंद करवा दे.

क्या बैंक मोबाइल नंबर बंद कर सकता है?

बैंक आपके बकाया लोन की याद दिला सकता है. वह फोन, SMS, ईमेल या नोटिस भेज सकता है. अगर लोन लंबे समय तक बकाया रहता है, तो बैंक इसकी जानकारी क्रेडिट ब्यूरो को भी दे सकता है, जिससे आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है. जरूरत पड़ने पर बैंक कानून के अनुसार रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है. लेकिन बैंक किसी भी टेलीकॉम कंपनी को यह नहीं कह सकता कि वह आपका मोबाइल नंबर बंद कर दे. मोबाइल सर्विस टेलिकॉम नियमों के तहत चलती हैं. बैंक और NBFC के पास इन्हें बंद कराने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है.

RBI ने क्या कहा है?

RBI ने साफ निर्देश दिए हैं कि बैंक और उनकी रिकवरी एजेंसियां ग्राहकों से सम्मानजनक और कानूनी तरीके से ही वसूली करें. अगर कोई रिकवरी एजेंट ग्राहक को डराता है, धमकी देता है या गलत जानकारी देकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश करता है, तो यह RBI के Fair Practices Code के खिलाफ माना जाता है.

EMI नहीं भरने पर क्या हो सकता है?

इसका मतलब यह नहीं है कि EMI न भरने का कोई असर नहीं होगा. अगर आप समय पर किस्त नहीं चुकाते हैं, तो लेट फीस और पेनाल्टी लग सकती है. आपका CIBIL Score खराब हो सकता है. भविष्य में लोन मिलने में दिक्कत आ सकती है. बैंक कानूनी प्रक्रिया के तहत रिकवरी शुरू कर सकता है. जरूरत पड़ने पर बैंक कोर्ट या अन्य कानूनी विकल्पों का सहारा ले सकता है. लेकिन मोबाइल नंबर ब्लॉक करना इन कानूनी कार्रवाइयों में शामिल नहीं है.

अगर ऐसा मैसेज मिले तो क्या करें?

अगर आपको कोई मैसेज या कॉल करके कहा जाए कि EMI नहीं भरने पर आपका मोबाइल नंबर बंद कर दिया जाएगा, तो घबराएं नहीं. सबसे पहले बैंक से लिखित जानकारी मांगें. बैंक के कस्टमर केयर या शिकायत निवारण से संपर्क करके इस दावे की पुष्टि करें. ऐसे मैसेज या कॉल का स्क्रीनशॉट या रिकॉर्ड भी संभालकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर शिकायत की जा सके.