Roorkee Crime News: उत्तराखंड के रुड़की से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में महज एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल चोरी होने के शक में चार मासूम बच्चों को ऐसी खौफनाक सजा दी गई, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए. दबंगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए इन बच्चों को बंधक बनाया और बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं.

मामला दरियापुर गांव का है, जहां कुछ दबंगों ने चार छोटे बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चुराने का आरोप लगाया. बिना किसी पुख्ता सबूत के, सिर्फ शक के आधार पर उन लोगों ने बच्चों को पकड़ लिया. इसके बाद चारों मासूमों को रस्सियों से जकड़ दिया गया ताकि वे भाग न सकें. बंधक बनाने के बाद दबंगों ने उन पर जमकर लाठियां और घूंसे बरसाए.

मारपीट के दौरान मासूम बच्चे दर्द से तड़पते रहे, चीखतेचिल्लाते रहे और छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाते रहे. लेकिन उन जालिमों का दिल बिल्कुल नहीं पसीजा और वे लगातार बच्चों को पीटते रहे.

तमाशा देखते रहे लोग, Video वायरल

इस घटना ने समाज की संवेदनशीलता पर भी एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. जब इन बेबस बच्चों को सरेआम बांधकर पीटा जा रहा था, तब वहां भारी भीड़ मौजूद थी. हैरान करने वाली बात यह है कि लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे और कुछ लोग अपने मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे. किसी भी शख्स ने आगे बढ़कर उन मासूमों को बचाने या पुलिस को सूचना देने की जहमत नहीं उठाई.

अब इस तालिबानी प्रताड़ना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. स्थानीय नागरिकों ने इस क्रूरता के खिलाफ पुलिस से सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और आरोपियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.