गुना जिले में शिक्षा के मंदिर में गुरुशिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. गुना के पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट में पदस्थ एक शिक्षक पर 12वीं की छात्रा को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने, अकेले मिलने का दबाव बनाने और परीक्षा में नंबर काटने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं. मामले में छात्रा की शिकायत और सामने आई व्हाट्सएप चैट के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक नरेंद्र कुशवाह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है.

छात्रा की शिकायत के मुताबिक, शिक्षक बीते कुछ समय से उसे लगातार व्हाट्सएप पर संदेश भेज रहा था. छात्रा को अकेले मिलने और बाहर घूमने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. चैट में शिक्षक द्वारा कथित तौर पर कहा गया कि वह रात 12 बजे सोया करे और उसके साथ चले. इसके अलावा बर्थडे का बहाना बनाकर मिलने आने और शाम 8 बजे तक फ्री कर देने जैसी बातें भी सामने आई हैं.
नंबर काटने की धमकी से छात्रा परेशान
आरोप है कि जब छात्रा ने शिक्षक की बातों का विरोध किया, तो उसने परीक्षा में कम अंक देने और पढ़ाई में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. शिक्षक कथित तौर पर अपने पद और नंबर देने के अधिकार का हवाला देकर छात्रा पर दबाव बना रहा था. लगातार मिल रही धमकियों से छात्रा मानसिक तनाव में आ गई और उसकी पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी. डर और दबाव के बीच छात्रा ने आखिरकार अपनी मां को पूरे मामले की जानकारी दी.
इसके बाद मां और बेटी ने जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रिंसिपल , पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की. छात्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. शिकायत में अन्य छात्राओं के साथ भी इसी तरह की हरकतें किए जाने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है. शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है.
स्कूल में पर्दे के पीछे बनाई थी अलग जगह!
छात्रा के मुताबिक, शिक्षक ने स्कूल परिसर में पर्दे की आड़ में एक जगह बना रखी थी और वहां बैठकर बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था. मामले के सामने आने के बाद स्कूल में चर्चा तेज हो गई. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी प्रिसिंपल को ज्ञापन सौंपकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार जैन ने बताया कि 12वीं की छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत लेकर आई थी.
छात्रा ने बाल दिवस के बाद से शिक्षक द्वारा चैट किए जाने की बात कही और संबंधित चैट की कॉपी भी दी है. शिकायत को जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेज दिया गया है. वहीं पुलिस ने शिकायत और व्हाट्सएप चैट के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.



