हिमाचली खबर: किचन गार्डन का सबसे पसंदीदा पौधा एलोवेरा ज्यादातर लोग लगाना पसंद करते हैं। सेहत के साथसाथ यह ब्यूटी के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन कई लोगों को शिकायत रहती है कि लगाने के कुछ दिनों बाद पौधा मर जाता है। ऐसे में सही देखभाल और लगाने का तरीका पता होना जरूरी है। जिसकी मदद से घर पर आसानी से एलोवेरा उगाया जा सकता है।

छोटे गमले में उगाएं एलोवेरा, सही देखभाल से सालों तक रख सकते हैं हरा-भरा​
छोटे गमले में उगाएं एलोवेरा, सही देखभाल से सालों तक रख सकते हैं हरा-भरा​

एलोवेरा उगाने का तरीका

अगर आपके पास कम जगह है तो छोटे गमले में भी एलोवेरा उगाया जा सकता है। इसे लगाने के लिए एलोवेरा का छोटा पौधा या इसकी जड़ का उपयोग किया जा सकता है। अब गमले में मिट्टी, खाद और थोड़ा सा रेत डालें। इसे मिट्टी से ढकते समय ध्यान रखें कि इसकी पत्तियां नीचे न हों। सिर्फ जड़ों को ही मिट्टी से ढकें। इसके बाद पौधे को पानी दें। इसे जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें नहीं तो जड़ सड़ सकती है। जब मिट्टी सूख जाए तब ही इसमें पानी दें। हर 2 महीने में गोबर या वर्मी कम्पोस्ट डाल सकते है और साथ ही गुड़ाई भी करें।

सही गमला चुनने के टिप्स

अगर आप छोटे गमले में एलोवेरा लगा रहे हैं तो इसके लिए कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें, जिससे इसकी ग्रोथ अच्छी होगी। गमले का ड्रेनेज सिस्टम सही होना चाहिए। गमले के ऊपर का हिस्सा चौड़ा होना चाहिए ताकि इसे बढ़ने के लिए जगह मिल सके। इसके अलावा गमले की क्वालिटी पर भी ध्यान दें।

ज्यादा धूप से बचाव

गर्मियों के समय छत या बालकनी में ज्यादा धूप आती है जिसकी वजह से पौधा जल्दी सूख सकता है। एलोवेरा के पौधों को धूप की जरूरत होती है लेकिन बहुत ज्यादा धूप पत्तों को खराब कर सकती हैं। इसलिए इसे छांव वाली जगह पर रखें। इसके अलावा बहुत ज्यादा खाद देने से बचें। केमिकल वाले खाद से पौधों को दूर रखें और नियमित रूप से गुड़ाई करें।

कैसे करें देखभाल

गर्मियों में ज्यादा धूप की वजह से इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। ऐसे में ज्यादा धूप और पानी से इसे बचाएं। अगर गमले में ज्यादा पानी है तो उसे निकाल दें। जब मिट्टी सूख जाए तो ही पानी दें। अगर पत्तियां सिकुड़ रही हैं तो ज्यादा धूप या पानी की कमी हो सकती है। इसके लिए समयसमय पर पानी दें।

अगर पौधे में कीड़ा या फफूंदी लग रही है तो इसके लिए नीम का तेल स्प्रे करें। अगर छोटे गमले में ज्यादा नए पौध आ रहे हैं तो इन्हें हटाकर दूसरे गमलों में लगा सकते हैं। इससे एलोवेरा अच्छे से बड़ा हो पाएगा। जब भी एलोवेरा की पत्तियां काटें तो इसके लिए कैंची या चाकू का इस्तेमाल करें। इसकी निचली और बाहरी पत्तियों को काटें। सही देखभाल की मदद से इसे सालों तक हराभरा रखा जा सकता है।