शिंदे गुट वाली शिवसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का विवाद अब गहराता जा रहा है. शिव सेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इसके लिए सोशल मीडिया पर लंबाचौड़ा माफीनामा पोस्ट किया है. शाइना ने बाल ठाकरे को पिता तुल्य बताते हुए कहा है कि उनके कार्यों और बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया.

शिवसेना नेता ने बाल ठाकरे के साथ अपनी तस्वीरें भी पोस्ट कीं और लिखा कि यदि मेरे किसी कार्य से अनजाने में सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं उनसे ईमानदारी से माफी मांगती हूं.

बाल ठाकरे को बताया पिता तुल्य

शाइना एनसी ने लिखा, ‘कुछ लोग और कुछ रिश्ते जीवन भर आपके साथ रहते हैं, आपके दिल के किसी कोने में अपना घर बना लेते हैं. ‘हिंदूहृदय सम्राट’ और शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे मेरे जीवन में एक ऐसे ही पितातुल्य और ईश्वर के समान व्यक्ति थे.’

बाल ठाकरे के साथ शाइना एनसी

उन्होंने लिखा, ‘मैं बालासाहेब से पहली बार तब मिली थी जब मैं बहुत छोटी थी. वे मेरे पिता के सबसे करीबी दोस्त थे. हमारे परिवार के साथ उनका बहुत गहरा जुड़ाव था. हम भाग्यशाली थे कि हमें कई वर्षों तक उनका साथ मिला और उनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ. उन्होंने मेरे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक मेरी शादी में शामिल होने के लिए विशेष प्रयास भी किया था.’

शाइना बोलीं अनादर का इरादा नहीं था

शाइना ने आगे लिखा, ‘बालासाहेब एक अद्वितीय और असाधारण नेता थे, न केवल महाराष्ट्र के, बल्कि पूरे देश के. वे एक कट्टर राष्ट्रवादी, एक सच्चे और गौरवान्वित हिंदू, और स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के प्रबल प्रशंसक थे. उन्होंने हिंदुत्व के आदर्शों से कभी कोई समझौता नहीं किया. उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ हमेशा दृढ़ और निडर रुख अपनाया. उनके विचारों की स्पष्टता, ईमानदारी और उनमें निहित तीव्र जुनून ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है.’

शाइना एनसी ने शेयर की तस्वीरें

प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए शाइना ने लिखा कि कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में, मैंने बालासाहेब के विचारों का जिक्र किया था. हालांकि, मेरे कार्यों और बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया. मेरा इरादा कभी भी बालासाहेब का अनादर करने का नहीं था. इसके विपरीत, मैं उन प्रखर आदर्शों से प्रेरणा लेता हूं जिनका उन्होंने जीवन भर पालन किया.

शाइना ने माफी मांगते हुए लिखा कि मैं अच्छी तरह समझती हूं कि आम जनता के मन में बालासाहेब के प्रति कितनी श्रद्धा और प्रेम है. मेरे लिए और लाखों लोगों के लिए, बालासाहेब केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक देवता के समान थे. यदि मेरे किसी कार्य से अनजाने में सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं उनसे ईमानदारी से माफी मांगता हूं. लेकिन जो लोग मेरे कार्यों को गलत तरीके से पेश करके राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, उनसे मैं जोर देकर कहना चाहती हूं—मुझे बालासाहेब के प्रति अपने प्रेम और निष्ठा को साबित करने के लिए किसी के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है.

शाइना ने बाल ठाकरे को पिता तुल्य बताया

उद्धव गुट को घेरा

शाइना ने बिना नाम लिए उद्धव गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सत्ता और स्वार्थ के लिए बालासाहेब के आदर्शों से समझौता कर लेते हैं, उन्हें मुझे बालासाहेब के बारे में उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है. कुछ रिश्ते और कुछ एहसान ऐसे होते हैं जो सत्ता और स्वार्थ की राजनीति से कहीं ऊपर होते हैं. बालासाहेब का आशीर्वाद और उनसे जुड़ी यादें ही मेरी असली ताकत हैं, और कोई भी मुझसे इन्हें छीन नहीं सकता.

शाइना ने तस्वीरें साझा कीं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई थी घटना

दरअसल बुधवार को शिंदे गुट वाली शिवसेना की तरफ से सोनिया गांधी की किताब के विरोध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था. शिंदे गुट का आरोप था कि सोनिया ने अपनी किताब में सावरकर का अपमान किया और इस कारण उनकी किताब महाराष्ट्र में बैन की जानी चाहिए.

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़कर विरोध जताया. इसी क्रम में शाइना ने बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी. संजय निरुपम के टोकने पर उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और फिर उन्होंने तस्वीर किनारे रख दी.