हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सरकाघाट क्षेत्र में सुबह-सवेरे कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।
मृतका की पहचान सिया गुलेरिया के रूप में हुई है, जो नैण गांव, गोपालपुर (सरकाघाट) की रहने वाली थी। वह रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन घर से करीब एक किलोमीटर दूर ही उस पर घात लगाकर हमला कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक बाइक पर सवार होकर आया था और उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए हुड पहन रखा था। उसने पहले दराट से छात्रा की बाजू पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की क्रूरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं।



