हिमाचली खबर: Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घरेलू विवाद के बाद एक शख्स अपनी रूठी हुई पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था. लेकिन जब पत्नी ने उसके साथ वापस लौटने से साफ इनकार कर दिया, तो हताशा और गुस्से में आकर उसने एक आत्मघाती कदम उठा लिया. पीड़ित ने सरेराह अपनी ही मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला, उसे अपने शरीर पर उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया. रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह रही कि पूरे शरीर पर भयंकर लपटें होने के बावजूद वह शख्स कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाता रहा. इस रूह कंपा देने वाले मंजर को देखकर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.

आनन्फानन में स्थानीय लोगों ने इस खौफनाक हादसे की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी हालत में शख्स को कुंदरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया, जहां वह फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है.
प्रेम विवाह के 20 साल बाद कड़वाहट
यह पूरा मामला वैवाहिक जीवन में आई कड़वाहट और विवाद से जुड़ा है. बिलारी इलाके के बहादुरपुर गांव के रहने वाले 42 वर्षीय प्रवीन चौधरी ने करीब बीस साल पहले यानी वर्ष 2006 में प्रीति कश्यप से प्रेम विवाह किया था. प्रीति कुंदरकी के अब्दुल्लापुर की रहने वाली है. बताया जा रहा है कि पिछले दो सप्ताह से इस दंपत्ति के बीच किसी बात को लेकर गंभीर अनबन चल रही थी. इसी तकरार के कारण प्रीति अपने मायके पक्ष के लोगों यानी अपने मामा के घर बांहापुर गांव में आकर रह रही थी. प्रवीन अपनी पत्नी को मनाने और उसे वापस अपने घर ले जाने के इरादे से बांहापुर आया हुआ था. उसने प्रीति को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने का प्रस्ताव पूरी तरह ठुकरा दिया.
लपटों के बीच बेसुध होने तक चलाता रहा बाइक
पत्नी के इनकार से प्रवीन गहरे सदमे और आक्रोश में आ गया और गांव से बाहर निकल गया. वहां उसने अपनी ही दोपहिया गाड़ी की टंकी से पाइप के जरिए पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़ककर माचिस लगा ली. आग की लपटों से घिरे होने के बावजूद वह रूपपुर गांव तक पागलों की तरह बाइक चलाता रहा, जहां वह आखिरकार बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ा. हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद भी उसकी पत्नी अस्पताल में उसकी सुध लेने नहीं पहुंची. वहीं प्रवीन की इस आत्मघाती हरकत से उसके खुद के घरवाले भी काफी नाराज बताए जा रहे हैं. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.



