हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक नर्सिंग प्रशिक्षु युवती ने कथित मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय दिव्य ज्योति सैनी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशिक्षण ले रही थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।
मृतका के 72 वर्षीय पिता किशोर चंद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को एक युवक लगातार परेशान कर रहा था। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। आरोपी युवक की पहचान पंजाब के पठानकोट जिले के नरोट मेहरा निवासी ललित कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक युवती को बार-बार फोन कर मिलने के लिए दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर भी उससे मिलने पहुंच गया था, जिससे युवती काफी डर और तनाव में आ गई थी।
परिवार का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर युवती ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।