हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया। भड़ौलियां के पास रेलवे ट्रैक पर उस समय भयावह हादसा हो गया जब तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन की चपेट में भेड़-बकरियों का पूरा रेवड़ आ गया। इस हादसे के बाद मौके पर ऐसा खौफनाक दृश्य देखने को मिला कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए।
कुछ ही सेकंड में उजड़ गया पूरा रेवड़
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एक भेड़पालक अपने भेड़-बकरियों के झुंड को रेलवे लाइन पार करवा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से दौलतपुर चौक की ओर जा रही हिमाचल एक्सप्रेस उसी ट्रैक पर पहुंच गई।
भेड़-बकरियों को पटरी से हटाने का मौका भी नहीं मिला और ट्रेन तेज रफ्तार से उनके ऊपर से गुजर गई। देखते ही देखते पचास से अधिक भेड़-बकरियां ट्रेन के पहियों के नीचे आकर कट गईं। कुछ ही सेकंड में पूरा रेवड़ खत्म हो गया और रेलवे ट्रैक पर बेहद भयावह मंजर बन गया।
घटनास्थल पर फैला खौफनाक दृश्य
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास का दृश्य बेहद डरावना था। दूर-दूर तक खून फैला हुआ था और कई भेड़-बकरियों के शरीर के हिस्से पटरी के आसपास बिखरे पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ जंगली जानवर कई मृत भेड़-बकरियों को घसीट कर ले गए थे।
मृत भेड़-बकरियों को उठाकर ले गए लोग
हादसे के बाद एक और हैरान करने वाली बात सामने आई। बताया जा रहा है कि आसपास के कुछ लोग घटनास्थल से मृत भेड़-बकरियों को उठाकर अपने साथ ले जाते हुए भी देखे गए।
इस वजह से मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और हालात और भी अराजक हो गए।
भेड़पालक को लाखों का नुकसान
इस हादसे में भेड़पालक को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई है और न ही किसी ने मुआवजे की मांग की है।
बताया जा रहा है कि रेलवे नियमों के अनुसार बिना अनुमति रेलवे ट्रैक पर प्रवेश करना प्रतिबंधित है। माना जा रहा है कि इसी कानूनी कार्रवाई के डर से भेड़पालक सामने आने से बच रहा है।
रेलवे पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल रेलवे पुलिस ने इस मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह भेड़-बकरियों का रेवड़ किसका था और यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस भयावह मंजर को याद कर अभी भी सिहर उठते हैं।