हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पति-पत्नी के बीच हुआ एक घरेलू विवाद उस समय गंभीर हो गया जब मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद पत्नी ने कथित तौर पर गुस्से में अपने पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
मामला सरकाघाट उपमंडल के जमनौण गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय धर्मपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी पत्नी के साथ मोबाइल फोन को लेकर बहस हो गई थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने रसोई में रखा उबलता दूध उसके ऊपर फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया।
इस घटना में धर्मपाल को चेहरे, छाती और पेट पर जलने की चोटें आईं। परिवार के सदस्य उसे तुरंत उपचार के लिए बलद्वाड़ा के नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना उस समय हुई जब पत्नी नीना कुमारी काफी देर से मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रही थी। पति ने उसे फोन बंद करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया।
दूसरी ओर नीना कुमारी ने भी अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और गाली-गलौज करता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके पति ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और मारपीट की थी।
महिला ने मेडिकल करवाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।