हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलवाड़ के गूगा मल्होट इलाके में एक भेड़ पालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और घटना के बाद जंगल के रास्ते फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से कुल्लू जिले का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वह अपने दो नौकरों के साथ पिछले दिसंबर महीने से मल्होट के जंगलों में भेड़-बकरियों के साथ अस्थायी डेरा डालकर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और उसके एक नौकर के बीच तीखी बहस हुई थी। यह नौकर कांगड़ा जिले के पालमपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। विवाद के बाद देर रात जब मालिक गहरी नींद में सो रहा था, तब आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में भेड़ पालक की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। वहीं घटनास्थल पर मौजूद दूसरे नौकर ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही शाहतलाई थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और अन्य पहलुओं पर और खुलासा होने की उम्मीद है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।