हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। पतलीकूहल क्षेत्र के माहिली के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान वंदला गांव निवासी योग राज ठाकुर पुत्र राज कुमार के रूप में हुई है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह शनिवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर नग्गर की ओर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे जब वह माहिली के पास पहुंचा तो सड़क के एक खतरनाक और तीखे मोड़ पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के कारण बाइक सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। बताया जा रहा है कि बाइक करीब 10 मीटर नीचे जाकर एक मकान के पिलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पतलीकूहल थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि माहिली के पास स्थित यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।