हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जीभी इलाके में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से घूमने आए एक परिवार की कार अचानक पहाड़ी ढलान पर अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी। कार हवा में कई बार पलटती हुई नीचे दूसरी सड़क पर आ गिरी। इस भयावह हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में ढलान से नीचे लुढ़कते हुए कई बार पलटी। इसी दौरान कार का दरवाजा खुल गया और उसमें बैठी एक महिला बाहर गिर गई, जिससे उसकी जान बच गई। पूरा हादसा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है।
जब कार नीचे सड़क पर आकर गिरी तो वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। तभी अंदर से बच्चों के रोने और मदद के लिए चीखने की आवाजें आने लगीं। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। यह सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए कार के अंदर फंसे बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। एक युवक ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर बाकी लोगों को भी गाड़ी से बाहर खींच लिया।
हादसा बेहद खतरनाक था और कार के परखच्चे उड़ चुके थे, लेकिन चमत्कारिक रूप से कार में सवार दो बच्चों समेत पूरा परिवार सुरक्षित बच गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में ड्राइविंग के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को याद दिलाती है। वहीं, स्थानीय लोगों की त्वरित मदद ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।