हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शनिवार को एक भयानक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। हरियाणा नंबर की एक बेकाबू बस ने कुल्लू–मनाली–चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऐसा कहर बरपाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तेज रफ्तार बस ने पहले एक ट्रक को जोरदार टक्कर मारी और उसे करीब 100 फीट तक घसीटते हुए पलटा दिया। इसके बाद सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
ढलान पर अचानक बेकाबू हुई बस
जानकारी के अनुसार यह हादसा बिलासपुर जिले के स्वारघाट क्षेत्र के गांव देहणी के पास मोड़ा टोल प्लाजा के नजदीक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हरियाणा नंबर की यह बस पहले गारमोड़ा टोल प्लाजा के पास खराब होकर खड़ी थी। चालक ने बस को अस्थायी रूप से ठीक करवाया और उसे कीरतपुर साहिब की ओर लेकर चल पड़ा।
लेकिन जैसे ही बस गांव देहणी के पास ढलान वाले हिस्से में पहुंची, अचानक चालक का बस पर से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बस तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
ट्रक को टक्कर मार पलटाया, राहगीर को कुचला
बेकाबू बस ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारी-भरकम ट्रक करीब 100 फुट दूर जाकर पलट गया। इसी दौरान सड़क से पैदल गुजर रहा एक व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गया।
बस ने उसे बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस भीषण हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और हाईवे कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस का बेकाबू होना बताया जा रहा है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। वहीं पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।