UP News: हाथरस में गुरुवार देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दूध पीने के बाद अचानक हालत बिगड़ने से हड़कंप मच गया. पिता और उनके दो मासूम बेटों को उल्टियां होने पर आननफानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया. यहां इलाज के दौरान पांच वर्षीय बेटे आंशू की देर रात करीब डेढ़ बजे मौत हो गई, जबकि पिता दानिश और छह वर्षीय बेटे सोहेब की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के खंदारी गढ़ी मोहल्ले की है. गुरुवार देर रात दूध पीने के बाद दानिश और उनके दोनों बेटों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. तीनों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का उपचार शुरू किया, लेकिन पांच वर्षीय आंशू को बचाया नहीं जा सका. वहीं, दानिश और उनके छह वर्षीय बेटे सोहेब की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ भेज दिया गया.
दूध में किसी जहरीले पदार्थ या मिलावट की आशंका
बताया जा रहा है कि परिवार करीब आठ दिन पहले ही खंदारी गढ़ी मोहल्ले में किराये के मकान में रहने आया था. दूध पीने के बाद एक साथ तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने और मासूम की मौत होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. दूध में किसी जहरीले पदार्थ या मिलावट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. किसी साजिश की बात भी फिलहाल सामने नहीं आई है.
परिवार में मातम पसरा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तीनों की हालत किन परिस्थितियों में बिगड़ी. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पांच वर्षीय मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पिता और दूसरे बेटे की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं.
सीओ सिटी का कहना है कि फ़िलहाल मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. और कारणों का पता लगाया जा रहा है. अभी तक मामले में कोई लिखित में शिकायत नहीं मिली है.



