हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में पति के सामने ही उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, नाजिया अपने पति वकील अली के साथ बाइक पर अपने किराए के कमरे की ओर लौट रही थी। जैसे ही वे बरोटीवाला इलाके में पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक टैंकर ने लापरवाही से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के दौरान नाजिया टैंकर के पिछले पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति अपनी पत्नी की मौत से गहरे सदमे में है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।