यूपी के मऊ में एक युवक की सिर कुचली लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का है।

“तुम मेरी नहीं हुईं तो किसी‌‌‌ को तुम्हारा नहीं होने दूंगा”, एकतरफा मोहब्बत का खूनी अंजाम, युवक का सिर कुचला शव बरामद

मऊ: यूपी के मऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है और एकतरफा मोहब्बत का खूनी अंजाम देखने को मिला है। पुलिस ने सराय लखनसी थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिली अज्ञात युवक की सिर कुचली लाश केस का खुलासा किया है।

क्या है पूरा मामला? 

थाना सराय लखनसी क्षेत्र के रणवीरपुर इलाके में नदी किनारे मिली अज्ञात युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। यह मामला प्रेम प्रसंग, धोखे और जलन की उलझी हुई कहानी से जुड़ा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पहचान आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के हथौटा गांव निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई। वह एक ट्रीटमेंट प्लांट में वॉचमैन की नौकरी करता था। शिवम एक युवती के संपर्क में आया, जिससे पहले से ही कई युवक जुड़े हुए थे।

इसी क्रम में युवती का पूर्व प्रेमी अनमोल सिंह, शिवम से नाराज रहने लगा, क्योंकि युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। बाद में युवती ने शिवम को भी छोड़ दिया, जिससे वह मानसिक रूप से व्यथित और अस्थिर हो गया।

बताया जाता है कि शिवम ने अपने प्रेम को साबित करने के लिए युवती के कोचिंग सेंटर के सामने अपनी कलाई की नस काट ली थी, जिसके निशान उसके शव पर भी मिले।

घटना वाले दिन शिवम नशे की हालत में युवती के गांव के बाजार में घूम रहा था, तभी उसकी मुलाकात अनमोल सिंह से हुई। पहले से रची साजिश के तहत अनमोल ने उसे शराब पार्टी का लालच दिया और अपने तीन साथियों के साथ उसे बाइक से नदी किनारे ले गया।

वहां पहले उसे जमकर शराब पिलाई गई। जब शिवम पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो अनमोल और उसके साथियों ने डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। मौत की पुष्टि करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद जब मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा में आया और पुलिस की सक्रियता बढ़ी, तो आरोपी घबरा गए। उन्होंने विभिन्न रिश्तेदारों के यहां छिपने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उन्हें शरण नहीं दी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। अंततः पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी अनमोल सिंह और एक अन्य साथी अंचल राजभर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि शुरुआत में शव अज्ञात था, लेकिन जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना प्रेम, जुनून और असफल रिश्तों के खतरनाक परिणामों की एक भयावह मिसाल बनकर सामने आई है, जिसने एक युवक की जिंदगी छीन ली और कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।