Mamura Violence Case: नोएडा के फेस 3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पीजी में रह रहे किशोर के साथ तीन युवकों ने बेरहमी से पहले मारपीट की और उसके बाद उसके कपड़े उतरवा कर मुर्गा भी बनाया. इतना ही नहीं, नशे में धुत युवकों ने किशोर को डंडों और गैस पाइपलाइन से जमकर पीटा, जिसका उन्होंने वीडियो बनाया और जान से मारने की धमकी भी दी. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोर मामूरा गांव का निवासी है और कक्षा आठवीं में पढ़ाई करता है. वह पास के पीजी में देखभाल का भी काम करता है. शनिवार को उसके दोस्त का जन्मदिन था, जिसे उसने अपने चार दोस्तों के साथ पीजी में मनाया. रात करीब 3 बजे किशोर सोने चले गए, जबकि उसके तीन दोस्त एक अन्य साथी को छोड़ने बाहर गए हुए थे. इसी दौरान मामूरा के रहने वाले तीन युवक विनेश वंश और कृष्णा पीजी में घुस आए जब किशोर ने उन्हें देखा और आवाज सुनकर टोका तो आरोपी गुस्से में आ गए.
किशोर को डंड से पीटा
इसके बाद दो युवकों ने किशोर को पकड़कर डंडे और गैस पाइप से पीटना शुरू कर दिया, जबकि मौके पर मौजूद तीसरा युवक इस पूरी वारदात का वीडियो बनाता रहा. बताया जा रहा है कि किशोर दर्द से कराहता रहा और मदद की गुहार भी लगाता रहा, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी. आरोपी ने उसके सिर और कान के पास वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. इसके बावजूद वह उसे लगातार पीटते रहे.
कपड़ा उतरवाकर बनाया वीडियो
इतना ही नहीं आरोपियों ने किशोर के कपड़े भी उतरवा दिए, जिससे यह घटना और ज्यादा शर्मनाक हो गई. करीब 10 मिनट तक किशोर के साथ यह बर्बरता होती रही. इसी दौरान एक आरोपी लगातार वीडियो बनाता रहा, जिसे बाद में उन्होंने वायरल कर दिया. पीड़ित के दोस्तों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से भाग गए, लेकिन जातेजाते किशोर को जान से मारने की धमकी दे गए.
पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया
घटना के बाद घायल किशोर को उसके दोस्तों ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और इसके बाद थाना फेस 3 में परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
इस घटना के बाद मामूरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. लोग पीजी में रहने वाले युवाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं. वही पीड़ित पिता का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी बेटे के दोस्तों से मिली. उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी कुछ वक्त पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं. इस तरह की घटना समाज के लिए चेतावनी है. आरोपियों के खिलाफ पिता ने पुलिस से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.



