सुपौल: जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भारतीय जीवन बीमा निगम के एक अभिकर्ता ने अपने लाइसेंसी गन से खुद को गोली मार ली. जिससे इलाके में सनसनी है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है. दरअसल आपको बता दे कि जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र स्थित त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एलआईसी एजेंट नवीन कुमार सिंह ने अपने लाइसेंसी गन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर नवीन कुमार सिंह को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। आनन-फानन में उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी हालत नाजुक हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है. घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवीन कुमार सिंह पिछले कुछ समय से किसी परेशानी में थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. उधर, डीएसपी त्रिवेणीगंज ने बताया कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है.