शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए बड़ी खबर है. आदित्य बिड़ला समूह की दिग्गज कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में आने वाले दिनों में शानदार तेजी देखने को मिल सकती है. अगर आप अपने पोर्टफोलियो में किसी मजबूत शेयर को शामिल करने की सोच रहे हैं, तो जानेमाने ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल की यह ताजा रिपोर्ट आपके काम की हो सकती है. ब्रोकरेज फर्म ने इस सीमेंट कंपनी के मजबूत फंडामेंटल्स पर अपना भरोसा जताते हुए ‘बाय’ की रेटिंग को बरकरार रखा है. साथ ही कंपनी ने निवेशकों के लिए अब तक के सबसे बड़े डिविडेंड का भी ऐलान कर दिया है, जिससे बाजार में इस शेयर की चर्चा काफी तेज हो गई है.

अल्ट्राटेक सीमेंट के निवेशकों की बल्ले-बल्ले.. हर शेयर पर ₹240 का नकद फायदा, भाव भी छुएगा आसमान!
अल्ट्राटेक सीमेंट के निवेशकों की बल्ले-बल्ले.. हर शेयर पर ₹240 का नकद फायदा, भाव भी छुएगा आसमान!

₹13,800 के पार जाएगा शेयर?

मोतीलाल ओसवाल ने अल्ट्राटेक सीमेंट के लिए 13,800 रुपये का भारीभरकम टारगेट प्राइस तय किया है. फिलहाल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर इस शेयर की कीमत 11,582.80 रुपये के आसपास ट्रेड कर रही है. इसका सीधा सा मतलब है कि मौजूदा भाव से निवेशकों को करीब 19 प्रतिशत तक का तगड़ा रिटर्न मिल सकता है. आपको बता दें कि 3.41 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के विशाल मार्केट कैप वाली इस कंपनी के हिमाचल प्रदेश स्थित बागा प्लांट का हाल ही में ब्रोकरेज टीम ने दौरा किया था. वहां मैनेजमेंट टीम के साथ हुई लंबी और विस्तृत बातचीत के बाद यह नया टारगेट प्राइस निकलकर सामने आया है.

मैनेजमेंट का मास्टरप्लान

कंपनी सिर्फ आज की नहीं, बल्कि भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही है. ब्रोकरेज के मुताबिक, मैनेजमेंट ने जो रणनीति पेश की है वह काफी उत्साह बढ़ाने वाली है. सीमेंट इंडस्ट्री में कंपनी का दबदबा लगातार कायम है और इसका मार्केट शेयर 31.4 प्रतिशत के स्तर पर है, जबकि क्षमता के लिहाज से यह 27.8 प्रतिशत है. आने वाले वित्त वर्ष 2028 की अंतिम तिमाही तक कंपनी ने अपने रिटर्न ऑन कैपिटल एंप्लॉयड को 15 प्रतिशत से ऊपर ले जाने का लक्ष्य रखा है. इसके अलावा, प्रति टन एबिटा को भी 1,400 रुपये तक पहुंचाने की बड़ी योजना है. कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क को भी आक्रामक तरीके से बढ़ा रही है. वर्तमान में कुल वॉल्यूम में ‘यूबीएस स्टोर्स’ की हिस्सेदारी 21 प्रतिशत है, जिसे भविष्य में 40 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य तय किया गया है.

मुनाफे में जबरदस्त उछाल

कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट भी इस तेजी की पूरी गवाही दे रही है. जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 20 प्रतिशत बढ़कर 2,982.76 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 2,482.04 करोड़ रुपये था. सिर्फ मुनाफा ही नहीं, बल्कि ऑपरेशंस से होने वाली कमाई में भी करीब 12 प्रतिशत का उछाल आया है. पूरे वित्तीय वर्ष 202526 की बात करें तो कुल मुनाफा 8,165.64 करोड़ रुपये के शानदार स्तर को छू चुका है.

इन दमदार नतीजों के बीच कंपनी ने अपने शेयरधारकों का भी खास ख्याल रखा है. बोर्ड ने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 240 रुपये का जोरदार डिविडेंड देने का फैसला किया है. अल्ट्राटेक के इतिहास में यह निवेशकों को दिया जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा लाभांश है. शेयर पिछले एक महीने में ही 8 प्रतिशत की छलांग लगा चुका है, और मजबूत कारोबारी रणनीति के दम पर आगे भी निवेशकों को अच्छी कमाई के बेहतरीन मौके दे सकता है.