Monsoon Waterfall Safety Tips: भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही लोग घूमनेफिरने का प्लान बनाना शुरू कर देते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों की पसंद खूबसूरत झरने और वॉटरफॉल होते हैं। देश में सैकड़ों छोटेबड़े झरने हैं, जो बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक दिखाई देते हैं, लेकिन यही जगहें थोड़ी सी लापरवाही के कारण जानलेवा भी साबित हो सकती हैं। हर साल देश के अलगअलग हिस्सों में वॉटरफॉल और नदीनालों के तेज बहाव में बहने, फिसलने या सेल्फी के दौरान हादसों में कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में कुछ जरूरी सावधानियां आपको सुरक्षित रख सकती हैं।

फिसलन वाली जगहों से रहें दूर

अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ किसी झरने पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ध्यान रखें कि फिसलन वाली चट्टानों और पत्थरों पर जाने से बचें। बारिश के दौरान इन जगहों पर काई जम जाती है, जिससे पैर फिसलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। चलते समय सतर्क रहें और अनावश्यक जोखिम न लें।

अच्छे ग्रिप वाले जूते पहनें

वॉटरफॉल या पहाड़ी इलाकों में चप्पल पहनकर जाने की गलती न करें। हमेशा ऐसे जूते पहनें जिनकी पकड़ मजबूत हो। जहां ज्यादा फिसलन हो, वहां जाने से बचना ही बेहतर है। सही फुटवियर कई बार बड़े हादसे से बचा सकता है।

सुरक्षित दूरी बनाए रखें

झरनों के बेहद करीब जाकर बैठना या पिकनिक मनाना खतरनाक हो सकता है। बारिश के मौसम में नदी और झरनों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए हमेशा सुरक्षित स्थान का चयन करें और चेतावनी बोर्ड तथा बैरिकेड का पालन करें।

सेल्फी के चक्कर में न लें जोखिम

अच्छी तस्वीर या वीडियो बनाने के लिए लोग कई बार जान जोखिम में डाल देते हैं। झरने के किनारे, बीच बहाव या ऊंची चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेना खतरनाक साबित हो सकता है। देश में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां एक तस्वीर की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

मौसम और जलस्तर की जानकारी जरूर लें

किसी भी वॉटरफॉल पर जाने से पहले मौसम का हाल और स्थानीय प्रशासन की सलाह जरूर जान लें। भारी बारिश के दौरान पहाड़ी झरनों में अचानक पानी का बहाव बढ़ सकता है और उसके साथ पत्थर भी आ सकते हैं। डैम से जुड़े झरनों के पास भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

अंधेरा होने से पहले लौट आएं

कोशिश करें कि शाम ढलने से पहले ही पिकनिक खत्म कर घर लौट आएं। कई पर्यटन स्थल जंगल या पहाड़ी इलाकों में होते हैं, जहां रात में रास्ते खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे में परिवार के साथ घूमने गए हैं तो समय का विशेष ध्यान रखें।

याद रखें, वॉटरफॉल का रोमांच तभी तक अच्छा है, जब तक उसमें सुरक्षा और सावधानी शामिल हो। थोड़ी सी सतर्कता आपकी यात्रा को यादगार बना सकती है और किसी बड़े हादसे से बचा सकती है।