समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी को हर हाल में जीतना होगा. उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी जो परिसीमन विधेयक लाना चाहती है, उसके बाद आम चुनाव नहीं होंगे. अखिलेश यादव ने कारगिल विजय दिवस और संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के राज्य मुख्यालय में समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही.

उन्होंने कहा, वोट का अधिकार ही हमें बचा सकता है. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। समाजवादियों को वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव हर हाल में जीतना है. बीजेपी जो परिसीमन विधेयक लाना चाहती है, उसके बाद फिर कोई आम चुनाव नहीं होने वाला है. पूर्व मुख्यमंत्री ने हालांकि अपने इस दावे के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी.
धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे का जिक्र
अखिलेश यादव ने पेपर लीक के मुद्दे पर धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफे का जिक्र करते हुए इसे युवाओं की जीत बताया और उन्हें बधाई दी. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जब भी मुद्दों पर घिरती है तो चरित्र हनन का सहारा लेती है. सपा प्रमुख ने दावा किया कि बीजेपी युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं को समझने में विफल रही है.
आंदोलन में सपा ने निभाई अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि हालिया युवा आंदोलन में समाजवादी पार्टी ने अहम भूमिका निभाई. अखिलेश यादव ने कहा, यह पहला आंदोलन था, जिसमें नई पीढ़ी के लोग यह अनुभव करने गए कि लाठी कैसे लगती है और आंसू गैस का क्या असर होता है. किसी ने किसी को बुलाया नहीं था. सभी खुदबखुद जंतरमंतर तक पहुंचे. बीजेपी सरकार के खिलाफ नौजवानों ने लोकसभा का घेराव किया. न झुकने की बात करने वाले झुक गए.
बीजेपी के सत्ता से बाहर जाने की शुरुआत
उन्होंने दावा किया कि यह बीजेपी के सत्ता से बाहर जाने की शुरुआत है, क्योंकि युवाओं में जागरूकता आई है और नई पीढ़ी ने भय व भ्रम से बाहर निकलने का काम किया है. अखिलेश यादव ने कहा, हम अपनी रणनीति के तहत युवा आंदोलन में शामिल थे. इसमें सबसे ज्यादा भागीदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं की रही. जेनजेड आंदोलन में जो नारे लिखे गए, उनकी लोग कल्पना भी नहीं कर सकते थे.
सामाजिक न्याय लागू होने का प्रतीक
उन्होंने आरोप लगाया, सरकार ने तमाम सवालों को उलझा दिया है. बीजेपी के शासन में सबसे अधिक प्रश्न पत्र लीक हुए हैं. भाजपाई जानबूझकर ऐसा कराते हैं और अपने लोगों को समायोजित कर लेते हैं. सपा प्रमुख ने कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में सशस्त्र बलों की भूमिका को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश के सैनिकों ने साहस और वीरता के साथ भारत की सीमाओं की रक्षा की.
उन्होंने कहा, हमें अपनी सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। अखिलेश यादव ने 26 जुलाई को भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन बताते हुए कहा कि यह दिन कारगिल विजय दिवस और आरक्षण के माध्यम से सामाजिक न्याय लागू होने का भी प्रतीक है.



