Unnao Income Tax Notice: उत्तर प्रदेश के उन्नाव हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। तिरपाल डालकर रहने वाले मजदूर परिवार को 20 करोड़ के व्यापार करने का आयकर विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है। आरोप है कि दिल्ली के पते पर RS Enterprises नाम की फर्जी कंपनी बनाई गई और व्यापार किया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उसके पैन कार्ड और आधार का दुरुपयोग किया गया है।

इसी के चलते पीड़िता ने उन्नाव पुलिस और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला ?
ये मामला उन्नाव जिले के गिरिजाबाग मोहल्ले का है। जहां तिरपाल डालकर रह रहे मजदूर परिवार को आयकर विभाग का नोटिस आया। नोटिस में फर्जी कंपनी बनाकर 20 करोड़ रुपये के व्यापार की बात कही गई है। आयकर विभाग ने पीड़िता रश्मि से 20 करोड़ रुपये के व्यापार का हिसाब मांगा है।
नोटिस देने की वजह और क्यों मांग हिसाब
दरअसल, आरोप है कि मजदूर की बेटी रश्मि के नाम पर नॉर्थ दिल्ली के बुरारी बंगाली कॉलोनी संत नगर के पते पर एक RS इंटरप्राइजेज नाम की फर्जी कंपनी बनाई गई है। इस कंपनी की शुरुआत 15 जनवरी 2025 में हुई और 9 मई 2025 को इस कंपनी को बंद कर दिया गया। आयकर विभाग ने ये समन चंडीगढ़ से आयकर अधिनियम की धारा 131 क़े तहत भेजा था।
पीड़ित परिवार का क्या कहना है
उन्नाव शहर के गिरिजाबाग मोहल्ले के रहने वाले अजय शंकर श्रमिक हैं और मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। अजय की बेटी रश्मि सविता के आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग का मामला बताया है। रश्मि का कहना है कि उनके नाम से फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये का कारोबार किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी तब हुई जब आयकर विभाग ने उन्हें इस मामले में नोटिस भेजा।
साधारण परिस्थितियों में जी रहा परिवार
पीड़िता रश्मि ने आगे कहा कि, “मेरा इस फर्म या किसी भी कारोबार से कोई संबंध नहीं है। मेरा परिवार बेहद साधारण परिस्थितियों में तिरपाल डालकर रहने को मजबूर है।
उन्नाव पुलिस से की शिकायत
पीड़ित छात्रा रश्मि ने उन्नाव पुलिस और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके पैन कार्ड और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।



