Samastipur Murder Case: बिहार के समस्तीपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव की है. मृतक की पहचान पगड़ा गांव के रहने वाले राजकुमार पोद्दार के बेटे राकेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सोमवार को राकेश कुमार पोद्दार अपनी दुकान बंद करने के बाद घर लौट रहा था. इसी दौरान पगड़ा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की. इसके बाद लूटपाट की कोशिश की गई. राकेश ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए.

घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी और एसपी

हत्या की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के परिजनों से पूछताछ की.

वहीं, जिले में पहली बार ग्रामीण एसपी के पद पर तैनात हुए मुकुल रंजन भी अपनी तैनाती के पहले ही दिन घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि बाइक सवार अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टास्क फोर्स गठित

ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन के मुताबिक, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. परिजनों से पूछताछ की गई है. जिले के एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है.

घटनास्थल पर एफएसएल और डीआईयू की टेक्निकल टीम को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस वारदात से जुड़े सबूत जुटाने के साथ फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

स्वर्ण व्यवसायी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस हत्याकांड के बाद स्वर्ण व्यवसायी संघ में नाराजगी है. संघ ने पुलिस की कार्यशैली और जिले की कानूनव्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.

वहीं, राकेश की हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. गांव में बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. इलाके में तनाव को देखते हुए ग्रामीण एसपी ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की बात कही है.