तृणमूल कांग्रेस से सांसद और ममता के करीबी कल्याण बनर्जी के आगामी संसद सत्र में हिस्सा लेने को लेकर सस्पेंस है. कल्याण बनर्जी को महिला सांसदों पर टिप्पणी के कारण मॉनसून सत्र के लिए निलंबित किया गया था. चूंकि संसद का यह विशेष सत्र, मॉनसून सत्र का ही विस्तार है. ऐसे में TMC सांसद कल्याण बनर्जी की सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने पर सवालिया निशान है.

सरकार की ओर से लोकसभा को 30 नवंबर और राज्यसभा को 2 दिसंबर से फिर से बुलाया गया है. इससे पहले संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चला था, जिसके बाद इसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी. कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई को पूरे मॉनसून सत्र के लिए निलंबित किया गया था, उनपर TMC के बागी महिला सांसदों पर अभद्र टिप्पणी के आरोप लगे थे.

TMC के बागी महिला सांसदों पर की थी टिप्पणी

संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने TMC सांसद कल्याण बनर्जी को निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया था. जिसे स्पीकर ने मंजूरी दे दी थी. उनपर TMC की बागी महिला सांसद, काकोली घोष और सायोनी घोष पर टिप्पणी के आरोप लगे थे. हालांकि, बनर्जी ने क्या टिप्पणी की इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी, लेकिन बताया गया कि उनकी भाषा अभद्र और असंसदीय थी.

जानकारी के मुताबिक, काकोली घोष और सायोनी घोष समेत TMC के दर्जनों बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के चैंबर में जाकर इसकी शिकायत की थी. इसपर स्पीकर ओम बिरला ने लिखित शिकायत मांगी थी, जिसे सदन में सौंपने के बाद कल्याण बनर्जी पर कार्रवाई की गई.

निलंबन के बाद बोले मैं इन सभी गद्दार से निपटूंगा

मानसून सत्र से निलंबित किए जाने के बाद, कल्याण बनर्जी ने संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि, ‘मेरे सस्पेंशन से कुछ नहीं होगा… मैं इन सभी 20 गद्दार सांसदों से निपटूंगा.’ उन्होंने साथ ही महिला सांसदों पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप को भी खारिज किया था. कल्याण बनर्जी का कहना था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं.

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी की हार के बाद, TMC के 20 सांसदों ने बगावत कर दी थी. ये सभी सांसद इसके बाद नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हो गए थे. उसके बाद, लोकसभा में ये सभी सांसदों ने अलग बैठना शुरू कर दिया था. इसी के बीच कल्याण बनर्जी का इन महिला सांसदों से तीखी नोकझोक की घटना हुई थी.