
डीआईजी के गनर के घर में चोरी
मध्य प्रदेश के रीवा में चोरों ने डीआईजी के गनर के घर में घुसकर करीब 30 लाख रुपये का माल साफ कर दिया है. जाते-जाते बदमाश किचन में रखा पूड़ी और अचार भी खा गए. मामला रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र का है. बड़ी बात यह कि वारदात के वक्त गनर का पूरा परिवार घर में ही सो रहा था, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी.
अगले दिन सुबह जब गनर के परिवार वालों की नींद खुली तो घर के हालात देखकर उन्हें घटनाक्रम की जानकारी हुई. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए हैं. पुलिस के मुताबिक यह वारदात चोरहटा थाना क्षेत्र में रहने वाले गनमैन अशोक तिवारी के घर में हुई है.
लॉक तोड़ कर घर में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक चोर अशोक तिवारी के घर में रात करीब 1 बजे के बाद घुसे हैं. चोरों ने पहले घर का मुख्य ताला तोड़ा और फिर जिस बेडरूम में परिवार सो रहा था, उसके दरवाजे को बाहर से बंद किया और फिर बड़े इत्मीनान के साथ वारदात को अंजाम दिया. घर में पूरा माल समेटने के बाद चोर रसोई में गए और वहां रखा पूड़ी-अचार भी खा गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर सीएसपी सहित पुलिस की टीम पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की. पुलिस के मुताबिक फोरेंसिक टीम और डॉग स्कॉड को भी बुलाकर मामले की छानबीन की जा रही है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं. हालांकि अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है.



