जम्मूकश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला कथित तौर पर बकरियों को साथ लेकर नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तरफ चली गई. बकरियां भी एक दो नहीं बल्कि पूरी आठ थीं. घटना के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

अधिकारियों के मुताबिक, महिला की पहचान करणी गांव निवासी मोहम्मद शफी की पत्नी रुबीना कौसर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महिला कल शाम करणी इलाके से आठ बकरियों के साथ LoC पार कर PoK की तरफ चली गई.
मामले की तफ्तीश जारी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला किन परिस्थितियों में नियंत्रण रेखा पार कर दूसरी तरफ पहुंची. महिला के LoC पार करने के पीछे की वजह क्या थी और वह किस तरह आठ बकरियों के साथ सीमा पार करने में सफल रही, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं.
पहले भी सामने आईं घटनाएं
हालांकि ये कोई पहला मौका नहीं है. जम्मूकश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास बकरियां चराते समय सीमा पार हो जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें स्थानीय नागरिक या उनके मवेशी अनजाने में दूसरी ओर चले जाते हैं.
LoC पर कई क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों और कटीली तारों के अभाव के कारण अक्सर सीमावर्ती गांवों के लोग या मवेशी रास्ता भटक जाते हैं. पुंछ और राजौरी सेक्टर में पूर्व में भी ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जहां स्थानीय महिलाएं या लड़कियां अनजाने में LoC पार कर गईं, जिन्हें सुरक्षा बलों ने हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद मानवीय आधार पर फ्लैग मीटिंग के जरिए वापस सौंप दिया.



