WhatsApp के यूजर्स दुनियाभर में हैं. भारत में भी बड़ी संख्या में लोग WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं. सुबह ऑफिस की जरूरी बात हो या फिर शाम को दोस्तों से बात ज्यादातर लोग अब WhatsApp का ही सहारा लेते हैं. ज्यादा यूजर्स होने के कारण WhatsApp भी अब साइबर हैकर्स की निगाह पर रहता है. इसी को लेकर कुछ दिन पहले ही गृह मंत्रालय की तरफ से WhatsApp Web के इस्तेमाल को लेकर यूजर्स को अलर्ट किया गया था. अब एक बार फिर से सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERTIn ने WhatsApp में कई खामियों को लेकर नई चेतावनी जारी कर दी है. इस बार खतरा सिर्फ मोबाइल यूजर्स तक सीमित नहीं है, बल्कि कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp चलाने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. इस खतरे को लेकर सरकारी एजेंसी ने अलर्ट को हाई सीवियरिटी कैटेगरी में रखा है. यानी इन खामियों को इग्नोर करना यूजर्स के लिए समस्या ला सकता है.

CERTIn ने 26 नवंबर को एक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि WhatsApp के अलगअलग वर्जन में कुछ ऐसी तकनीकी खामियां सामने आई हैं, जिनका फायदा साइबर हैकर्स उठा सकते हैं. इन खामियों की सहायता से यूजर्स की पर्सनल डिटेल्स तक हैकर्स पहुंच सकते हैं. सिर्फ यही नहीं, हैकर्स डिवाइस में खतरनाक कोड भी चला सकते हैं और ऐप की कुछ सुरक्षा पाबंदियों को भी दरकिनार कर सकते हैं.
किन WhatsApp यूजर्स को है खतरा?
CERTIn की चेतावनी Android, iOS, Mac और Windows पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए है. इसमें WhatsApp Business यूजर्स भी शामिल हैं. सरकारी एजेंसी के अनुसार कुछ पुराने वर्जन में ये खामियां सामने आई हैं
Android पर WhatsApp के 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन.
iPhone पर WhatsApp के 2.26.24.72 और 2.26.15.72 से पुराने वर्जन.
Windows पर WhatsApp के 2.3000.1032164386.258709 से पुराने वर्जन.
Mac Desktop पर WhatsApp के 2.26.23.72 से पुराने वर्जन.
इसके साथ ही Android और iOS पर WhatsApp Business यूजर्स को भी सावधान रहना चाहिए.
कैसे आपके फोन या कंप्यूटर तक पहुंच सकते हैं हैकर्स?
ने अपनी रिपोर्ट में अलर्ट किया है कि WhatsApp में अटैचमेंट स्पूफिंग, SQL इंजेक्शन और सिक्योरिटी सर्टिफिकेट की जांच से जुड़ी कई खामियां मिली हैं. इसके साथ ही AI से जुड़े रिस्पॉन्स मैसेज और बाहरी ऐड के जवाब में आने वाले URL की जांच में भी कमी सामने आई है.
इन खामियों का फायदा उठाने के लिए साइबर हैकर्स किसी यूजर को स्पेशल मैसेज, फाइल या लिंक भेज सकते हैं. अगर डिवाइस पर मौजूद ऐप इस गड़बड़ी का शिकार हो जाता है तो हैकर्स पर्सनल डिटेल्स तक पहुंच सकते हैं और उसे चुरा सकते हैं. इसके अलावा वे डिवाइस पर मनमाना कोड चला सकते हैं और ऐप के डेटा में बदलाव भी कर सकते हैं.
बचने के लिए WhatsApp यूजर्स क्या करें?
WhatsApp के इस खतरे से बचने के लिए CERTIn ने यूजर्स और संगठनों को WhatsApp का लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करने की बात कही है. अगर आप Android फोन इस्तेमाल करते हैं तो गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स Apple App Store पर जाकर ऐप का नया अपडेट चेक कर सकते हैं. वहीं कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp चलाने वाले लोगों को भी इसका लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए.
इसके साथ ही अनजान नंबर से आने वाले लिंक, फाइल और मैसेज खोलने से बचना चाहिए. खासकर किसी अनजान व्यक्ति की तरफ से भेजे गए अटैचमेंट पर बिना जांच किए क्लिक न करें. WhatsApp के ऑफिशियल सिक्योरिटी एडवाइजरी पेज पर भी नए अपडेट और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है.



