अक्टूबर का महीना आते ही दिल्लीएनसीआर की फिजा बिगड़ने लग जाती है, और यह सिलसिला पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है. राष्ट्रीय राजधानी पिछले 3 सालों में अक्टूबर का पहला हफ्ता सबसे अधिक प्रदूषित शहर के रूप में रहा. इस साल औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 171 दर्ज किया गया, क्योंकि मॉनसून के जाने के बाद शहर की हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती गई.

‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ के सरकारी डेटा के विश्लेषण के अनुसार, अक्टूबर के शुरुआती 7 दिनों में औसत AQI 171 रहा, जो 2023 के बाद सबसे अधिक है. इससे पहले साल 2023 में यह औसत आंकड़ा 176 था. इस साल अक्टूबर में AQI 1 तारीख को 166, 2 तारीख को 174, 3 तारीख को 171, 4 तारीख को 187, 5 तारीख को 184, 6 तारीख को 179 और बुधवार को 136 रहा, और इस तरह से पिछले 7 दिनों का औसत 171 दर्ज किया गया.
दिल्ली में 6 सालों में बढ़ता ही जा रहा AQI
पिछले 6 सालों में, अक्टूबर के शुरुआती 7 दिनों के लिए औसत AQI का स्तर 2021 में 112, 2022 में 141, 2023 में 176 तो 2024 में 155 और 2025 में 117 रहा और इस साल तो 171 तक पहुंच गया. इस 6 साल की अवधि में, साल 2023 के बाद अक्टूबर 2026 का पहला हफ्ता दूसरा सबसे अधिक प्रदूषित हफ्ते के रूप में रहा.
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51100 को ‘संतोषजनक’, 101200 को ‘मध्यम’, 201300 को ‘खराब’, 301400 को ‘बहुत खराब’ और 401500 को ‘गंभीर’ माना जाता है. बोर्ड के डेटा के अनुसार, आज बुधवार को दिल्ली का AQI 136 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.
अगले 3 दिन की हवा भी ‘मॉडरेट’
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने अगले 3 दिनों को लेकर यह अनुमान लगाया है कि 8 से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘मॉडरेट’ यानी सामान्य से थोड़ी खराब श्रेणी में रहने की संभावना है. 6,000 स्क्वायर मीटर प्रति सेकंड से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किमी प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति को प्रदूषकों के फैलने के लिए प्रतिकूल माना जाता है.
इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट के आंकड़ों के अनुसार, आज बुधवार को पराली जलाने की करीब 70 घटनाएं दर्ज की गईं, इसमें से अकेले पंजाब में 15, उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में 7 और मध्य प्रदेश में 37 घटनाएं शामिल हैं.
राजधानी का तापमान सामान्य से अधिक
दूसरी ओर, राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी तरह पालम में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्ली के लोदी रोड पर अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रिज में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस यानी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.



