
China News: चीन ने अपने सैन्य नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है. उसने अपने टॉप ऑफिसर जनरल झाओ जोंगकी को टॉप पॉलिटिकल एडवाइजर बॉडी से हटा दिया है. ये वही अधिकारी है, जिसने साल 2017 के डोकलाम कॉन्फ्लिक्ट और साल 2020 में भारत के साथ गलवान घाटी संघर्ष के दौरान पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के पश्चिमी थिएटर कमांड की कमान संभाली थी.
चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, झाओ को चाइनीज पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस ( CPPCC) समेत अन्य 2 पदों से निष्कासित कर दिया गया है. हालांकि, बीजिंग की ओर से उन्हें हटाए जाने की वजह नहीं बताई गई है और न ही उनके खिलाफ किसी तरह की जांच की घोषणा की है.
क्यों हटाए गए झाओ?
झाओ को हटाने की घटना ऐसे समय पर आई है, जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग बड़े पैमीने पर PLA से ऑफिसर्स को हटा रहे हैं. इस कार्रवाई में कई सीनियर मिलिट्री ऑफिसर्स, डिफेंस यूनिवर्सिटीज, हथियार खरीद और थिएटर कमांड को टारगेट किया गया है. चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के जनरल सेक्रेटरी और सेंटर मिलिट्री कमीशन ( CM) के चेयरमैन शी जिनपिंग ने हाल ही में झांग यूक्सिया और लियू जेनली नाम के 2 सीनियर मिलिट्री ऑफिसर्स को भी पद से हटाया था. झांग और लियू को हटाए जाने के बाद अब इस सात सात सदस्यीय आयोग में शी जिनपिंग समेत केवल 2 ही एक्टिव मेंबर्स बचे हैं.
कौन है झाओ जोंगकी?
बता दें कि झाओ ने PLA के वेस्टर्न थिएटर कमांडर के तौर पर काम किया है. यह भारत के साथ चीन की सीमाओं की देखरेख करता है. उनके ही कार्यकाल में साल 2017 का डोकलाम गतिरोध और साल 2020 का गलवान घाटी संघर्ष हुआ था. 15 जून को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे. ‘ANI’ की साल 2020 की रिपोर्ट में अमेरिकी खुफिया सूत्रों का हवाला देते हुए बताया गया कि झाओ ने भारत को सबक सिखाने के लिए गलवान ऑपरेशन चलाया था. रिपोर्ट में कहा गया कि झाओ ने भारत के साथ पहले हुई झड़प को बारीकी से देखा था. उन्हें इस बात की चिंता थी कि चीन को अमेरिका और भारत समेत उसके सहयोगियों के सामने कमजोर नहीं दिखना चाहिए.
सेना को कंट्रोल कर रहे शी?
रिटायरमेंट की उम्र पूरी होने के बाद दिसंबर 2020 में झाओ को वेस्टर्न थिएटर के कमांडर के पद से हटा दिया गया था. वहीं, अब उन्हें CPPCC से हटाए जाने का यह कदम ऐसे समय आया है, जब शी जिनपिंग चीन के सैन्य नेतृत्व पर अपनी पकड़ मजबूत करना जारी रखे हुए हैं. उनकी ओर से यह सफाई अभियान PLA के कुछ सबसे सीनियर रैंकों तक भी फैला हुआ है.



