उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की लड़ाई अभी दूर है, लेकिन सियासी बिसात पर मोर्चेबंदी तेज हो गई है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधे मुकाबले की तस्वीर के बीच अब असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी तीसरा सियासी विकल्प खड़ा करने की कोशिश में है. संविधान दिवस के मौके पर आज लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ को इसी रणनीति के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.

12 नवंबर को बने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की यह पहली बड़ी संयुक्त रैली है. इसमें एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक मंच से अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएंगे. गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है. दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का भी ऐलान किया है. रैली के लिए पांच लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया गया है.
संविधान दिवस पर दलितमुस्लिम सियासत का बड़ा संदेश
रैली के लिए संविधान दिवस का दिन चुनना भी अपने आप में अहम राजनीतिक संदेश है. संविधान, सामाजिक न्याय, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और वंचित वर्गों के अधिकारों को केंद्र में रखकर दोनों नेता अपनी सियासी जमीन मजबूत करना चाहते हैं. ओवैसी की राजनीति का प्रमुख आधार मुस्लिम मतदाता रहे हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद दलित और बहुजन राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. दोनों की राजनीतिक ताकत को एक मंच पर लाकर दलितमुस्लिम गठजोड़ तैयार करने की रणनीति है.
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 फीसदी और अनुसूचित जाति की आबादी करीब 21 फीसदी मानी जाती है. यानी दोनों वर्गों को जोड़ने का गणित करीब 40 फीसदी आबादी के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का दावा पेश करता है. हालांकि, इतनी बड़ी आबादी का एकमुश्त वोट में तब्दील होना आसान नहीं है. जातियों, क्षेत्रीय समीकरणों और स्थानीय नेतृत्व की अपनी अहमियत है.
अखिलेश के PDA फॉर्मूले को सीधी चुनौती?
ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी की सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती समाजवादी पार्टी का PDA फॉर्मूला हो सकता है. अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के सहारे 2027 में सत्ता वापसी की तैयारी कर रहे हैं. सपा की राजनीति में मुस्लिम और दलित मतदाताओं को जोड़ना पहले से ही महत्वपूर्ण रणनीति का हिस्सा है.
ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का अलग मोर्चा बनाना अखिलेश यादव के लिए नई चुनौती पैदा कर सकता है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और पूर्वांचल की उन सीटों पर जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका निभा सकती है.
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, आगरा, हाथरस बिजनौर,संभल और आजमगढ़ जैसे इलाकों में इस गठजोड़ की राजनीतिक संभावनाओं पर नजर रहेगी. इन क्षेत्रों में दोनों समुदायों की अच्छी आबादी है और कई सीटों पर उनका संयुक्त वोट चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है.
बसपा के लिए भी खतरे की घंटी?
इस गठजोड़ की दूसरी बड़ी राजनीतिक चुनौती मायावती की बहुजन समाज पार्टी के सामने खड़ी हो सकती है. उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति का सबसे मजबूत और स्थापित चेहरा लंबे समय तक बसपा रही है. जाटव समेत विभिन्न दलित वर्गों में पार्टी का पारंपरिक आधार रहा है.
लेकिन चंद्रशेखर आजाद की सक्रियता और युवाओं के बीच उनकी राजनीतिक अपील बसपा के लिए नई चुनौती बन सकती है. अगर आजाद दलित मतदाताओं के एक हिस्से को अपने साथ जोड़ने में सफल होते हैं और ओवैसी मुस्लिम वोटों में भी सेंध लगाते हैं तो इसका असर कई सीटों के समीकरण पर पड़ सकता है.
हालांकि, बसपा का संगठनात्मक आधार और मायावती का पारंपरिक वोट बैंक अभी भी इस मुकाबले को एकतरफा नहीं होने देता. असली परीक्षा यह होगी कि चंद्रशेखर अपनी लोकप्रियता को विधानसभा सीटों पर वोट में कितना बदल पाते हैं.
बीजेपी को फायदा या विपक्ष के लिए नई मुश्किल?
ओवैसीचंद्रशेखर गठबंधन की सियासत का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इसका असर केवल सपा और बसपा तक सीमित नहीं रहेगा. अगर यह मोर्चा मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाता है तो बीजेपी विरोधी वोटों का बंटवारा भी हो सकता है. लेकिन दलित मे आगर सेंध लगाते है तो BJP के झटका होगा.
यही वजह है कि इस गठबंधन को लेकर विपक्षी राजनीति में भी सवाल उठ रहे हैं. क्या यह मोर्चा वास्तव में बीजेपी के खिलाफ मजबूत तीसरा विकल्प बनेगा या फिर सपाकांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाकर बीजेपी की राह आसान करेगा? इसका जवाब सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति और चुनावी नतीजों से ही मिलेगा.
क्या वोट में बदलेगी भीड़?
ओवैसी और चंद्रशेखर के सामने सबसे बड़ी चुनौती रैली में भीड़ जुटाने से आगे बढ़कर उसे बूथ तक पहुंचाने की है. दोनों दलों को अपनेअपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में मजबूत संगठन खड़ा करना होगा. सीटों का बंटवारा, उम्मीदवारों का चयन, स्थानीय नेताओं की स्वीकार्यता और मुस्लिमदलित वोटों का वास्तविक ध्रुवीकरण इस गठबंधन की सफलता तय करेंगे.



