90 के दशक का संगीत आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखता है। उस दौर के गाने सिर्फ सुने नहीं जाते, बल्कि महसूस किए जाते हैं। खासतौर पर जब बात कुमार सानू की आवाज की हो, तो रोमांस अपने आप हवा में घुल जाता है। उनकी आवाज में एक ऐसा जादू था, जिसने लाखों लोगों को दीवाना बना दिया।

इसी दौर में एक गाना आया, जिसने न सिर्फ चार्टबस्टर रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है। दिलचस्प बात यह है कि इस सुपरहिट गाने को कुमार सानू ने महज 9 मिनट में रिकॉर्ड कर दिया था।
9 मिनट में रिकॉर्ड हुआ था सुपरहिट गाना
हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘दीवाना’ के मशहूर गाने ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं’ की। यह गाना साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘दीवाना’ का हिस्सा था। कुमार सानू ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने इस गाने को सिर्फ 9 मिनट में रिकॉर्ड कर लिया था। इतनी कम देर में रिकॉर्ड हुआ यह गाना आगे चलकर 90 के दशक का सबसे पसंदीदा रोमांटिक ट्रैक बन गया।
गाने की शुरुआत में लिया गया उनका अलाप इतना खास था कि उस दौर में यह एक ट्रेंड बन गया। लोग इस गाने को सिर्फ सुनते ही नहीं थे, बल्कि गुनगुनाते भी थे। कुमार सानू की आवाज और नदीमश्रवण के संगीत ने इसे यादगार बना दिया।
ऋषि कपूर की इमेज से जुड़ गया था गाना
फिल्म में यह गाना अभिनेता ऋषि कपूर पर फिल्माया गया था। गाने की लोकप्रियता इतनी ज्यादा थी कि यह ऋषि कपूर की रोमांटिक स्क्रीन इमेज का अहम हिस्सा बन गया। आज भी जब यह गाना बजता है, तो लोगों को ऋषि कपूर की वही स्टाइलिश और रोमांटिक छवि याद आ जाती है।
‘दीवाना’ के सभी गाने हुए थे हिट
26 जून 1992 को रिलीज हुई फिल्म ‘दीवाना’ उस दौर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल रही। फिल्म में कुल 8 गाने थे और लगभग हर गाना सुपरहिट साबित हुआ।
फिल्म में ऋषि कपूर, दिव्या भारती के साथसाथ शाहरुख खान भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि शाहरुख खान को इस फिल्म के लिए केवल 11 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट मिला था।



