आमिर खान एक बार फिर अपने अलग नजरिए और सोच के कारण चर्चा में हैं। आमिर, जो अपने पूरे करियर में एक समय पर सिर्फ एक फिल्म करने के सिद्धांत पर टिके रहे, अब अपने इस नियम को बदलने जा रहे हैं।

हाल ही में कपिल शर्मा के साथ बातचीत में उन्होंने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और काम करने के तरीके में आए इस बदलाव का खुलासा किया। आमिर ने बताया कि वह अपने प्रोडक्शन प्रोजेक्ट्स ‘एक दिन’ और ‘लाहौर 1947’ के बाद फिर से एक्टिंग पर फोकस करेंगे।
खास बात यह है कि अपने करियर में पहली बार वह एक साथ तीन फिल्मों पर काम करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने सितंबर से शूटिंग शुरू करने का प्लान बनाया है, जिसमें हर प्रोजेक्ट के बीच एक से दो महीने का छोटा ब्रेक भी शामिल होगा।
इस बातचीत में आमिर ने फिल्मों को लेकर अपनी सोच भी खुलकर रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘लगान’ जैसी फिल्म पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि कहानी पर भरोसे की वजह से बनाई थी। आमिर के मुताबिक, सिनेमा एक क्रिएटिव फील्ड है जहां ‘देवी सरस्वती’ की पूजा करनी चाहिए, ‘देवी लक्ष्मी’ की नहीं।
उन्होंने कहा, “जब आप सिनेमा में काम करते हैं, तो आपका फोकस कला और क्रिएटिविटी पर होना चाहिए। अगर आप सिर्फ पैसे के पीछे भागेंगे, तो भटक सकते हैं। सरस्वती की पूजा करेंगे, तो लक्ष्मी खुद आ जाएगी।”
आमिर ने यह भी संकेत दिया कि वह अब दर्शकों की पसंद और उम्मीदों को ध्यान में रखकर फैसले ले रहे हैं। इसी बीच उन्होंने ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर भी अपडेट दिया, जिसकी कहानी पहली फिल्म के करीब दस साल बाद की होगी और फिलहाल स्क्रिप्टिंग स्टेज में है।
वहीं, उनके दूसरे प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, जिनमें एक बायोपिक की खबरें भी शामिल हैं। हालांकि, इन पर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।



