हिमाचली खबर: दूध का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, पोटैशियम, विटामिन डी और अन्य कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए और शरीर के अन्य हिस्सों को लाभ पहुंचाने में फायदेमंद होते हैं। लगभग हर घर में दूध का सेवन किया जाता है। छोटे बच्चे से लेकर बड़े तक इसका सेवन करते हैं। लेकिन आजकल बाजार में कई चीजों मिलावटी मिलती हैं, जिसमें दूध भी शामिल है। कई बार दूध में केमिकल मिलाए जाते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। इसके साथ ही दूध में यूरिया की मिलावट के मामले भी सामने आ चुके हैं, जो आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकता है और कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

FASSI से जानें मिलावटी मिल्क की पहचान का आसान तरीका, 5 मिनट में पता करें दूध में यूरिया मिला है या नहीं​
FASSI से जानें मिलावटी मिल्क की पहचान का आसान तरीका, 5 मिनट में पता करें दूध में यूरिया मिला है या नहीं​

मिलावटी दूध का पता लगाना काफी मुश्किल होता है। खासकर आम घरों में लोगों को पता नहीं होता कि किस तरह मिलावटी दूध की जांच करें। ऐसे में कई आसान तरीके हैं, जिनकी मदद से आप घर पर ही मिलावटी दूध का पता कर सकते हैं। फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ इंडिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसकी मदद से आप घर पर ही आसानी से मिलावटी दूध का पता लगा सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर किस तरह आसानी से पता करें कि दूध में यूरिया मिलाई गई है या नहीं।

जरूरत के सामान

टेस्ट ट्यूब
आधा छोटा चम्मच सोयाबीन या अरहर दाल का पाउडर
लाल लिटमस पेपर

मिलावटी दूध चेक करने का आसान तरीका
सबसे पहले एक टेस्ट करने वाला ट्यूब ले लें। यह आपको मेडिकल या फिर स्टेशनरी की दुकान पर आसानी से मिल जाएगा। इस ट्यूब में एक चम्मच दूध डाल दें। अब इसमें आधा छोटा चम्मच सोयाबीन या फिर अरहर दाल का पाउडर डाल दें। अब ट्यूब को अच्छी तरह से हिला कर सारी चीजों को मिला दें। इस ट्यूब को खड़ा करके 5 मिनट के लिए रख दें।

5 मिनट के बाद इसमें लाल लिटमस पेपर को डाल दें और करीब 30 सेकंड के लिए छोड़ दें। अब लिटमस पेपर को निकाल लें। अगर लाल लिटमस पेपर दूध में डालने के बाद अपना रंग नहीं बदलता तो दूध में कुछ नहीं मिलाया गया है।

लेकिन यदि लाल से लिटमस पेपर नीले रंग में बदल जाए, तो इसका मतलब इसमें यूरिया मिलाई गई है। FSSAI द्वारा साझा किए गए इस वीडियो के अनुसार अगर दूध में यूरिया मिलाई गई है तो लाल लिटमस पेपर नीले रंग में बदल जाता है। ऐसे में आप घर पर ही इस आसान टेस्ट की मदद से 5 मिनट में आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि दूध में यूरिया मिलाई गई है या नहीं।