हिमाचली खबर: Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा के हरौला गांव में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शादी से इनकार होने पर एक युवक इतना बौखलाया, कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड के पूरे परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई. जबकि उसकी दो बेटी और पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

पुलिस के मुताबिक, बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा परिवार सहित हरौला गांव के बी ब्लॉक में किराए पर रहते हैं. परिवार में पत्नी संजू देवी बेटियां ज्योति और जूली शामिल हैं. बताया जा रहा है कि बरेली निवासी हरिराम यादव का ज्योति से प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था. लेकिन परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था.
शनिवार देर रात परिवार मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहा था. इसी दौरान आरोपी हाथ में चाकू लेकर पहुंचा और परिवार पर हमला बोल दिया. हमले में 40 वर्षीय संजू देवी के शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं ज्योति के सीने में चाकू लगा. उसकी बहन जूली के पैर में गंभीर चोट आई. जबकि पिता सुरेंद्र शर्मा भी हमले में घायल हो गए. चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था.
पहले भी कर चुका था मारपीट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी हरि राम लंबे समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था. बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले कहीं और शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने वह रिश्ता भी तुड़वा दिया था. पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अक्सर ज्योति से झगड़ा और मारपीट करता था. परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पहले पीड़ित परिवार के बगल में ही रहता था. कुछ समय पहले उसने अचानक कमरा बदल लिया था और अपने कमरे से अधिकतर सामान भी हटा लिया था.
200 लोग में दहशत का माहौल
जिस चार मंजिला बिल्डिंग में यह वारदात हुई है, उसमें करीब 200 लोग रहते हैं. घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में डर और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है. नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी से इंकार से जुड़ा हुआ सामने आया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. फिलहाल पुलिस हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धारों में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.



