पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर मुश्किल दौर से गुजर रही है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीच सीरीज में ही बड़ा फैसला लेते हुए 7 खिलाड़ियों को वापस घर भेज दिया। इतना ही नहीं, मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी उनकी जिम्मेदारियों से हटा दिया गया।

इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल मचा दी है। कई पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने PCB के इस कदम पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में अब पाकिस्तान के नए टेस्ट कोच माइक हेसन ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

7 खिलाड़ियों को बाहर करने पर क्या बोले माइक हेसन?

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले टीम की जिम्मेदारी संभालने वाले माइक हेसन ने पाकिस्तान क्रिकेट में हुए बड़े बदलावों को लेकर कहा कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों से ज्यादा परेशानी नहीं है। उनके मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट में कुछ हद तक अव्यवस्था पहले से रही है और वह इस माहौल में काम करने के लिए तैयार हैं।

PCB ने दूसरे टेस्ट में 194 रन की हार के बाद टीम में बड़ा फेरबदल किया। मोहम्मद रिजवान , इमामउलहक , सलमान अली आगा , अली उस्मान , आमिर जमाल , अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को टीम से रिलीज कर दिया गया।

तीसरे टेस्ट में युवा खिलाड़ियों पर दांव

पाकिस्तान ने इन खिलाड़ियों की जगह नए चेहरों को टीम में शामिल किया है। सैम अयूब और अब्दुल्लाह फजल के अलावा पांच ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनके पास टेस्ट क्रिकेट का ज्यादा अनुभव नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से पांच खिलाड़ी अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण भी नहीं कर पाए हैं।

माइक हेसन के लिए इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट बड़ी चुनौती होगा। पाकिस्तान पहले ही तीन मैचों की सीरीज में 02 से पीछे है और सीरीज उसके हाथ से निकल चुकी है। अब टीम की नजर 9 सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट में वापसी करने पर होगी।